आज (शनिवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से देशव्यापी एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की. उन्होंने इसे केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की ‘नारी शक्ति’ को मजबूत करने और माताओं-बेटियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने वाला अहम कदम बताया. इस मौके पर पीएम मोदी ने सीधे युवतियों से बातचीत किया.
प्रधानमंत्री ने बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर किया. उन्होंने लिखा कि उन्होंने टीका लगवा चुकी युवाओं से बात की, और यह अभियान हमारी बेटियों और माताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक निर्णायक कदम है.
After the launch of the HPV Vaccination Campaign Against Cervical Cancer, spoke with my young friends who have been vaccinated today. This is a decisive step towards protecting the health of our daughters and mothers. pic.twitter.com/HZ9T5mIyV5
— Narendra Modi (@narendramodi) February 28, 2026
वीडियो में पीएम मोदी ने सबसे पहले एक युवती से पूछा कि टीका लगवाने का अनुभव कैसा रहा और सर्वाइकल कैंसर के बारे में जानकारी है या नहीं. युवती ने जवाब दिया कि यह टीका 14-15 साल की बच्चियों को लगाया जा रहा है और यह हमारी सुरक्षा करता है. उन्होंने बताया कि इस बीमारी से हर साल कई महिलाओं की जान जाती है.
सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ युवाओं को मिला नेतृत्व का मौका
पीएम मोदी ने जानना चाहा कि क्या किसी ने टीका लगवाने में रोका या कोई डराया? युवती ने साफ किया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ. इसके बाद प्रधानमंत्री ने पूछा कि क्या आप इस जानकारी को दूसरों के साथ साझा करेंगी? युवती ने हां में जवाब दिया. प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस अभियान में टीका लगवा चुकी लड़कियां ब्रांड एंबेसडर बनकर अन्य युवतियों को भी प्रेरित करें.
पीएम मोदी ने युवतियों से यह भी पूछा कि क्या वे अपने मोहल्ले, गांव और स्कूल में दूसरों को टीकाकरण के महत्व के बारे में बताएंगी. लड़कियों ने इस पर सहमति जताई और वादा किया कि वे अपने दोस्तों और समुदाय में इस संदेश को फैलाएंगी.
क्या है यह HPV टीका और क्यों है जरूरी?
अगर आंकड़ों की बात करें, तो भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है. डॉक्टरों का मानना है कि अगर 9 से 14-15 साल की उम्र के बीच लड़कियों को यह एचपीवी टीका लग जाए, तो भविष्य में इस कैंसर का खतरा लगभग खत्म हो जाता है.
इस अभियान की खास बातें यह है कि इसका लक्ष्य देश की हर बेटी को गंभीर बीमारियों से बचाना है. पीएम ने जोर दिया कि सिर्फ सरकारी कोशिश काफी नहीं है, इसके लिए समाज को भी आगे आना होगा. यह अभियान सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को जमीनी स्तर तक ले जाने की कोशिश है.
ये भी पढ़ें- “जज्बे और जुनून की जीत” रणजी ट्रॉफी जीतने पर पीएम मोदी ने थपथपाई जम्मू-कश्मीर की पीठ
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


