Bharat Express DD Free Dish

अफवाहों से बचें! मन की बात में पीएम मोदी की देशवासियों से बड़ी अपील, बोले- आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वैश्विक तनाव के बीच सतर्कता और एकजुटता से ही चुनौतियों का सामना किया जा सकता है.

PM Modi Mann Ki Baat

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने (PM Modi) ने देशवासियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों, खासकर पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण भारत के सामने कई चुनौतियां आई हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है. समझदारी और एकजुटता से इन हालात का सामना किया जा सकता है.

आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें- पीएम मोदी

रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात (Mann Ki Baat) के 132वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि वे केवल सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. उन्होंने जोर देकर कहा कि गलत खबरें या अफवाहें समाज में भ्रम और डर पैदा करती हैं, इसलिए उनसे दूर रहना बेहद जरूरी है.

प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि देश की 140 करोड़ जनता की ताकत से हर मुश्किल को पार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि भारत ने पहले भी कई बड़े संकटों का सामना किया है और हर बार मजबूत होकर बाहर निकला है. इस बार भी देशवासी मिलकर हालात को बेहतर बनाएंगे.

धैर्य रखें, जागरूक रहें- पीए मोदी

पीएम ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि मार्च का महीना दुनियाभर में काफी हलचल भरा रहा है. कोविड-19 महामारी के बाद उम्मीद थी कि दुनिया तेजी से आगे बढ़ेगी, लेकिन अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध और तनाव की स्थिति लगातार बनी हुई है, जिससे वैश्विक माहौल प्रभावित हुआ है.


ये भी पढें: ‘मन की बात’ में पीएम मोदी का संदेश, मध्य पूर्व संकट पर बोले- भारत मजबूत, घबराने की जरूरत नहीं


प्रधानमंत्री ने उन देशों का भी धन्यवाद किया, जहां बड़ी संख्या में भारतीय रहते और काम करते हैं, खासकर खाड़ी क्षेत्र के देश. उन्होंने कहा कि वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और मदद के लिए उन देशों का सहयोग सराहनीय है. साथ ही उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे धैर्य रखें, जागरूक रहें और किसी भी कदम को उठाने से पहले सही जानकारी की पुष्टि जरूर करें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read