Pm Modi criticises Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार (22 फरवरी) को ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि एक वैश्विक मंच, जहां भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अपनी ताकत दुनिया के सामने रख रहा था, उसे कांग्रेस ने अपनी “गंदी और नंगी राजनीति” का अखाड़ा बना दिया. प्रधानमंत्री ने इसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताते हुए विपक्ष पर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया.
इससे पहले मेरठ दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया. इस अवसर पर उन्होंने देश के पहले नमो भारत RRTS (Namo Bharat Regional Rapid Transit System) को हरी झंडी दिखाई और संपूर्ण दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देगी और दिल्ली-एनसीआर में यात्रा को अधिक तेज, सुरक्षित और आधुनिक बनाएगी. प्रधानमंत्री ने इसे विकसित भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताया.
कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे. अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई इम्पैक्ट समिट हुआ. दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए. दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ. पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया.”
पीएम मोदी ने आगे कहा, ”समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए. मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि आपको कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी. कांग्रेस के नेताओं ने वहां पर जो कुछ किया, वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है. कांग्रेस तो अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है.”
कांग्रेस मेरी मेरी कब्र खोदना चाहते हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, और उन्हें बीजेपी (BJP) और एनडीए (NDA) से विरोध है. कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट भाजपा का समारोह नहीं था. यह देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था. लेकिन, कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी. आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय बेशर्मी के साथ गरजते हैं, और यह मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है.
पीएम ने आगे कहा कि संसद में अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते हैं. संसद को चलने नहीं देते हैं. इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है. एआई समिट में कांग्रेस ने जो किया है, उससे साथी दल भी चौक गए हैं. सबने इससे किनारा कर लिया.
ये भी पढ़ें: जाम का झंझट खत्म! पीएम मोदी ने नमो भारत कॉरिडोर को दिखाई हरी झंडी, बच्चों के साथ किया सफर
कांग्रेस के साथ दलों का अभार व्यक्त करता हूं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि महिला सांसदों को भेज करके सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो. क्या आप लोग इतने खोखले हो गए हो कि माताओं-बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो. कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है. एक बात की मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है. मैं इसके लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




