प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम 4:30 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान वह खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के साथ कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे.
खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां रहेंगी मौजूद
इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय पैरा एथलीट्स के अलावा उनके कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति के पदाधिकारी, भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि, विभिन्न राष्ट्रीय खेल महासंघों के सदस्य और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से जुड़े अधिकारी भी शामिल होंगे. यह आयोजन भारतीय दल की उपलब्धियों के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है.
जापान में भारत ने रचा नया इतिहास
इस साल जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स में भारत ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय दल ने कुल 114 पदक अपने नाम किए. इनमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल रहे. इससे पहले 2023 के हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में भारत ने 111 पदक जीते थे, जिनमें 29 गोल्ड, 21 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज शामिल थे. इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया.
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर पीएम ने जताया था गर्व
भारतीय दल की सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों की खुलकर सराहना की थी. उन्होंने कहा था कि एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय पैरा एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन किया है. 114 पदकों का रिकॉर्ड भारत के लिए गर्व का विषय है. पीएम ने दल के हर सदस्य को उनकी मेहनत, जज्बे और योगदान के लिए बधाई दी थी तथा कहा था कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश के करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रही हैं.
मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा भारत
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने कुल पदकों के आधार पर चौथा स्थान हासिल किया. सबसे अधिक सफलता पैरा एथलेटिक्स में मिली, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने 65 पदक जीते. इनमें 22 गोल्ड, 19 सिल्वर और 24 ब्रॉन्ज शामिल रहे. वहीं पैरा आर्चरी और पैरा बैडमिंटन में देश को 3-3 स्वर्ण पदक मिले. शूटिंग में भी भारत ने 2 गोल्ड सहित कुल 5 पदक अपने नाम किए.
ये भी पढ़ें-4,371 करोड़ रुपये की ‘विस्तार’ योजना को मंजूरी, अब डेटा से बनेगी नीतियां और तेज होगा डिजिटल बदलाव
चीन रहा नंबर वन, जापान दूसरे पायदान पर
मेडल तालिका में चीन ने 435 पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया. जापान 186 पदकों के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जबकि उज्बेकिस्तान ने 145 पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया. भारत चौथे स्थान पर रहा, जबकि दक्षिण कोरिया 100 पदकों के साथ पांचवें नंबर पर रहा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





