Bharat Express DD Free Dish

मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में जुटे हजारों लोग, पीएम मोदी ने कहा- ये शो हाउसफुल और ब्लॉकबस्टर है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने और सुनने के लिए मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में हजारों की संख्या में भारतीय समुदाय के लोग जुटे। प्रधानमंत्री अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ यहां पहुंचे.

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मार्वल स्टेडियम में उस समय खास माहौल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे. हजारों की संख्या में मौजूद प्रवासी भारतीयों ने जोरदार उत्साह के साथ उनका स्वागत किया. कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया.

प्रधानमंत्री मोदी ने जैसे ही मंच से लोगों से अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने का आग्रह किया, पूरा स्टेडियम रोशनी से नहा उठा. चारों तरफ चमकती लाइटों ने ऐसा दृश्य बनाया जिसे देखकर पीएम मोदी भी भावुक नजर आए. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “ये शो पूरी तरह हाउसफुल है और एक ब्लॉकबस्टर साबित हुआ है.” उनके इस बयान पर स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा.

अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने उस भूमि के पारंपरिक मालिकों को सम्मान देते हुए की, जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था. उन्होंने कहा कि वे उन सभी पूर्वजों को श्रद्धा और सम्मान अर्पित करते हैं, चाहे वे अतीत के हों, वर्तमान के हों या भविष्य की पीढ़ियों का प्रतिनिधित्व करते हों. इस संदेश के जरिए उन्होंने स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया.

भारतीय समुदाय ने बढ़ाई मेलबर्न की रौनक

अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने मेलबर्न शहर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह शहर एक ही दिन में चार मौसम का अनुभव कराने के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां रहने वाले भारतीयों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं से इसकी खूबसूरती को और बढ़ा दिया है.

उन्होंने कहा कि मेलबर्न और उसके आसपास कई ऐसे इलाके और बाजार हैं, जहां भारतीय संस्कृति साफ दिखाई देती है. कुछ लोग इन्हें “लिटिल इंडिया” कहते हैं तो कुछ “मिनी इंडिया” के नाम से जानते हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि नाम चाहे जो भी हो, इन जगहों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और अपनापन साफ महसूस होता है.

2014 की यात्रा को किया याद

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 2014 के ऑस्ट्रेलिया दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने याद दिलाया कि उस समय करीब 28 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की यात्रा की थी. तब उन्होंने कहा था कि भविष्य में भारत के प्रधानमंत्री के दौरे के लिए लोगों को इतना लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में यह उनकी ऑस्ट्रेलिया की तीसरी यात्रा है. इसे उन्होंने अपनी “हैट्रिक” बताते हुए कहा कि लगातार बढ़ते उच्चस्तरीय दौरे इस बात का प्रमाण हैं कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत और व्यापक हुए हैं.

कार्यक्रम से पहले विक्टोरिया राज्य की प्रीमियर जेसिंटा एलन ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. उन्होंने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि विक्टोरिया भारतीयों के मूल्यों और योगदान का सम्मान करता है. उनके मुताबिक, भारत केवल व्यापारिक साझेदार नहीं, बल्कि भरोसे का साथी है. उन्होंने भारत के लोगों को विक्टोरिया आने का निमंत्रण भी दिया और दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर खुशी जताई.

राष्ट्रगान से गूंजा स्टेडियम

प्रधानमंत्री मोदी के मंच पर पहुंचने से पहले ही मार्वल स्टेडियम में मौजूद लोगों का उत्साह चरम पर था. हर कोई अपने नेता की एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दे रहा था. कार्यक्रम की शुरुआत भारत के राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे पूरे स्टेडियम में देशभक्ति का माहौल बन गया.

इस आयोजन में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी ने भी भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की मजबूती का संदेश दिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक जुड़ाव, प्रवासी भारतीयों की भूमिका और दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ती रणनीतिक एवं सामाजिक साझेदारी की स्पष्ट झलक देखने को मिली. यह आयोजन केवल एक सामुदायिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते रिश्तों और दोनों देशों के लोगों के बीच बढ़ते विश्वास का भी प्रतीक बनकर सामने आया.

ये भी पढ़ें: फिर बढ़ेगा NDA का कुनबा? संजय राउत को शरद पवार पर डाउट, एकनाथ शिंदे की मुलाकात पर फायर



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read