तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 15 अप्रैल को कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल में एक विशाल रोडशो कर अपनी ताकत दिखाई. इस दौरान प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु की राजनीति और समाज को दिशा देने वाले महान दिग्गजों को याद कर दक्षिण भारत की जनता का दिल जीत लिया. भारी जनसैलाब के बीच पीएम मोदी ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर, के. कामराज, सी.एन. अन्नादुरै और एम.जी. रामचंद्रन (MGR) को पुष्पांजलि अर्पित की.
महापुरुषों की विरासत को नमन
रोडशो के दौरान प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से इन नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण किया. उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर का सामाजिक न्याय, के. कामराज की शिक्षा क्रांति, अन्नादुरै का राजनीतिक विजन और एमजीआर की लोक-कल्याणकारी नीतियां आज भी भारत के विकास की नींव हैं.
During the roadshow in Nagercoil yesterday, paid homage to Thiru K. Kamaraj, Dr. Babasaheb Ambedkar, Thiru CN Annadurai and Thiru MGR. pic.twitter.com/2f6CG38a21
— Narendra Modi (@narendramodi) April 16, 2026
पीएम मोदी ने के. कामराज का जिक्र करते हुए उन्हें मिड-डे मील जैसी ऐतिहासिक योजना का प्रणेता बताया, जिसने तमिलनाडु में शिक्षा की तस्वीर बदल दी थी.
चुनावी रण में NDA की हुंकार
ये रोडशो केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं था, बल्कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की तरफ से एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी था. प्रधानमंत्री के साथ मंच पर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी की मौजूदगी ने राज्य के सियासी समीकरणों को स्पष्ट संकेत दिए. नागरकोइल की सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया, जिस पर पीएम ने आभार जताते हुए कहा कि तमिलनाडु के लोग अब सुशासन और विकास के पक्ष में खड़े हैं.
सामाजिक न्याय और विकास
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में साफ किया कि केंद्र सरकार तमिलनाडु की सांस्कृतिक पहचान और यहां के महान नेताओं के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि इन नेताओं का जन-केंद्रित नेतृत्व ही ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई ऊर्जा देता है. नागरकोइल का यह रोडशो कन्याकुमारी जिले में एनडीए की मजबूत स्थिति को दर्शाता है, जहां विकास और विरासत के संगम को चुनावी मुद्दा बनाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: महिला आरक्षण विधेयक पर संसद में सियासी टकराव, सरकार और विपक्ष आमने-सामने
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


