24 अप्रैल को देशभर में मनाए जा रहे ‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की लोकतांत्रिक जड़ों को सींचने वाले जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया है. प्रधानमंत्री ने पंचायतों को लोकतंत्र का आधार बताते हुए कहा कि जनसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है.
प्रजा के सुख में ही जनप्रतिनिधि का सुख: PM Modi
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर न केवल अपनी शुभकामनाएं साझा कीं, बल्कि एक अत्यंत प्रेरक संस्कृत सुभाषित के जरिए नेतृत्व का असली अर्थ भी समझाया.
उन्होंने लिखा:
“प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां च हिते हितम्. नात्मप्रियं प्रियं राज्ञः प्रजानां तु प्रियं प्रियम्॥”
पंचायती राज दिवस के अवसर पर देशभर के जनप्रतिनिधियों का हार्दिक अभिनंदन! जनसेवा के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति आप सभी का समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।
प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां च हिते हितम्।
नात्मप्रियं प्रियं राज्ञः प्रजानां तु प्रियं प्रियम्॥ pic.twitter.com/gb0K3Rr709
— Narendra Modi (@narendramodi) April 24, 2026
इसका भावार्थ समझाते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि एक सच्चे जनप्रतिनिधि का व्यक्तिगत सुख कुछ नहीं होता; उसका असली सुख और हित प्रजा (जनता) के सुख और कल्याण में ही निहित होता है. जो जनता को प्रिय है, वही सेवक को भी प्रिय होना चाहिए.
दिग्गज नेताओं ने भी सराहा ‘ग्राम स्वराज’ का मॉडल
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है. पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में पंचायतों ने स्वच्छता, जल संरक्षण और डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से गांवों की तस्वीर बदली है. केंद्रीय मंत्री ने पंचायतों को ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण की आधारभूत इकाई बताया और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की.
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘ग्राम स्वराज’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि सशक्त पंचायतें ही समृद्ध भारत की नींव हैं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता पंचायतों की मजबूती पर टिकी है और सामूहिक प्रयासों से ही विकसित भारत का सपना पूरा होगा.
ये भी पढ़ें: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस: गृह मंत्री अमित शाह ने दी शुभकामनाएं, कहा- ‘गांवों की मजबूती से ही बनेगा विकसित भारत’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

