PM Modi On Natural Farming: बुधवार का दिन देश के किसानों के लिए काफी अहम साबित होने वाला है. पीएम मोदी इस दिन ना सिर्फ किसानों से मुलाकात करेंगे, बल्कि उन्हें प्राकृतिक खेती से जुड़ने के संबंध में जागरूक भी करेंगे.
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार 19 नवंबर को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे. जहां वो कोयंबटूर में दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे. इस दौरान 10 जैविक खेती करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा. बताया जा रहा है कि दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती सम्मेलन में 5 हजार किसान भाग लेंगे. जहां पीएम मोदी अपना संबोधन देंगे और किसानों से वार्ता करेंगे.
दो दौर की हो चुकी हैं बैठकें
इस सम्मेलन को लेकर आयोजन कमेटी और कृषि और किसान कल्याण मंत्री के साथ दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे. कार्यक्रम का आयोजन पूरे दक्षिण भारत के स्तर पर किया जा रहा है, इसलिए किसी मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से नहीं बुलाया गया है. इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत के किसानों को जैविक खेती के बारे में ना सिर्फ जानकारी देंगे, बल्कि उससे लाभ कैसे कमाया जाए, उसके बारे में भी बताएंगे.
ये भी पढ़ें- सबसे “खूंखार” नक्सली हिडमा मारा गया, सिर पर था 1 करोड़ रुपये का था इनाम
क्या है इस सम्मेलन का उद्वेश्य
आयोजन कमेटी के को-ऑर्डिनेटर पीआर पंडियन के अनुसार दिवंगत जैविक किसान नम्मलवर को समर्पित यह सम्मेलन उनके प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों को दुनिया के सामने लाएगा. इसमें कीटनाशकों के दुष्प्रभाव, मिट्टी के स्वास्थ्य और उत्पादकता को फिर से जीवित करने के बारे में भी बताया जाएगा. 19 नवंबर को शाम 4 बजे के बाद और अगले दो दिनों तक इस सम्मेलन में आम जनता, प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों पर आधारित 200 से अधिक स्टॉल देख सकती है. इनमें जैविक फल, सब्जियां, छोटे अनाज सहित अन्य कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस सम्मेलन को लेकर जनता से खास अपील की है. उन्होंने कहा है कि यह दिन प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा. इसलिए इस दिन प्रधानमंत्री को जरूर सुनें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




