Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

40 साल का इंतजार खत्म! ऑस्ट्रेलिया-इंडोनेशिया के बाद न्यूजीलैंड पहुंचेंगे PM मोदी; प्रवासी भारतीयों में भारी उत्साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने खुशी जताई. पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया में अपने सफल दौरे के पूरा करने के बाद शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंचने वाले हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड पहुंचेंगे. उनके इस दौरे को लेकर वहां रहने वाले भारतीय मूल के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे प्रवासी भारतीय इसे सिर्फ एक सरकारी दौरा नहीं, बल्कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर मान रहे हैं.

दरअसल, करीब 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा हो रहा है. ऐसे में भारतीय समुदाय के लोगों का कहना है कि यह उनके लिए गर्व और खुशी का मौका है. कई लोग प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय परंपरा और संस्कृति की झलक दिखाने की तैयारी कर रहे हैं.

स्वागत समारोह में हिस्सा लेने वाले एक कलाकार ने बताया कि वह प्रधानमंत्री मोदी के सामने प्रस्तुति देने को लेकर बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है. उनका समूह इसी खास अवसर पर एक विशेष प्रस्तुति देगा, जिसे लेकर सभी सदस्यों में काफी उत्साह है.

एक अन्य प्रतिभागी ने कहा कि किसी देश के प्रधानमंत्री के सामने अपनी संस्कृति पेश करने का मौका हर किसी को नहीं मिलता. उनके मुताबिक, भारतीय विरासत को दुनिया के सामने इस तरह प्रस्तुत करना उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में शामिल होगा. उन्होंने कहा कि मंच पर प्रस्तुति देने के साथ-साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात की संभावना भी उनके लिए बेहद खास है.

कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले एक सदस्य ने बताया कि वह अपने समूह के साथ वायलिन की विशेष प्रस्तुति देंगे. उन्होंने कहा कि सभी कलाकार कई दिनों से इसकी तैयारी कर रहे हैं और चाहते हैं कि प्रधानमंत्री के स्वागत को यादगार बनाया जाए.

पीएम मोदी के दौरे से न्यूजीलैंड में बसे भारतीयों में उत्साह

प्रवासी भारतीयों का कहना है कि यह दौरा सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं है, बल्कि न्यूजीलैंड में बसे भारतीय समुदाय को नई पहचान और सम्मान देने वाला अवसर भी है. उनका मानना है कि इतने लंबे अंतराल के बाद भारतीय प्रधानमंत्री का वहां पहुंचना इस बात का संकेत है कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं.

कुछ लोगों ने उम्मीद जताई कि अगर उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से व्यक्तिगत रूप से मिलने का मौका मिला तो यह उनके जीवन का सबसे खास पल होगा. कई लोगों ने कहा कि वे लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे और यदि हाथ मिलाने या कुछ पल बातचीत करने का अवसर मिल जाए तो वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा.

भारतीय समुदाय के कई सदस्यों ने प्रधानमंत्री के स्वागत में उत्साह के साथ ‘मोदी-मोदी’ के नारे भी लगाए. उनका कहना था कि पूरा समुदाय इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित है और हर कोई चाहता है कि प्रधानमंत्री का स्वागत पूरे सम्मान और गर्मजोशी के साथ किया जाए.

समुदाय के लोगों का यह भी मानना है कि हाल के वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच बढ़ते सहयोग, खासकर मुक्त व्यापार समझौते के बाद, प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देगा. उनके अनुसार, यह यात्रा आने वाले समय में व्यापार, निवेश, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे कई क्षेत्रों में नए अवसरों का रास्ता खोल सकती है.

ये भी पढ़ें: ‘चोरी ट्रस्टी करें, और बिना जेब का कुर्ता हमें’, अखाड़ा परिषद के फरमान पर आगबबूला हुए पुजारी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital