PM Modi-Pedro Sanchez Meeting: भारत और स्पेन के बीच दोस्ती का एक नया अध्याय शुरू हो गया है. बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज के बीच एक बेहद खास और अहम बैठक हुई. सांचेज दरअसल दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में हिस्सा लेने पहुंचे हैं, लेकिन समिट के मंच पर जाने से पहले उन्होंने पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर लंबी चर्चा की.
दोस्ती, डिफेंस और डिजिटल की जुगलबंदी
इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए बैठक को ‘बेहद सफल’ बताया. पीएम ने साफ किया कि भारत और स्पेन अब सिर्फ व्यापारिक साझेदार नहीं, बल्कि रणनीतिक दोस्त बन रहे हैं. बातचीत के दौरान डिफेंस (रक्षा), सिक्योरिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया.
Had a productive meeting with President Pedro Sánchez in Delhi. Discussed ways to boost the India-Spain friendship, especially in areas such as defence, security, technology and more. Our nations are marking 2026 as the India-Spain Year of Culture, Tourism and AI. This will… pic.twitter.com/AAG6nssd3F
— Narendra Modi (@narendramodi) February 18, 2026
पीएम मोदी ने एक दिलचस्प जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों देश साल 2026 को ‘इंडिया-स्पेन ईयर ऑफ कल्चर, टूरिज्म और एआई’ के रूप में मना रहे हैं. इसका मतलब यह है कि इस साल न सिर्फ तकनीक साझा होगी, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच सांस्कृतिक मेल-मिलाप और पर्यटन को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा.
स्पेन के विश्वविद्यालयों का भारत प्रेम
पीएम ने इस बात पर भी खुशी जताई कि स्पेन के विश्वविद्यालयों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भारत आया है. उनका मानना है कि जब छात्र और शिक्षाविद एक-दूसरे के देश का रुख करते हैं, तो रिश्तों की जड़ें और मजबूत होती हैं. साथ ही, उन्होंने यूरोपीय संघ (EU) के साथ ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का भी जिक्र किया. पीएम का मानना है कि इस समझौते से भारत और स्पेन के आर्थिक संबंधों में नई जान आएगी और युवाओं के लिए रोजगार के ढेरों अवसर खुलेंगे.
स्पेन में निवेश का सुनहरा मौका
प्रधानमंत्री से मिलने से पहले राष्ट्रपति सांचेज ने ‘स्पेन-इंडिया सीईओ फोरम’ को संबोधित किया. वहां उन्होंने भारतीय दिग्गजों को स्पेन में निवेश का न्योता देते हुए कहा, “स्पेन एक ऐसा देश है जहां आपको निवेश करना चाहिए. हम केवल ग्रोथ ही नहीं, बल्कि स्थिरता और टैलेंट भी देते हैं.” सांचेज की बातों से साफ था कि स्पेन भारतीय कंपनियों के लिए यूरोप का एक बड़ा गेटवे बनने को तैयार है.
बता दें कि भारत और स्पेन के कूटनीतिक रिश्ते 1956 से चले आ रहे हैं. राष्ट्रपति सांचेज का यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि वह 2024 में भी भारत आए थे, जो 18 साल बाद किसी स्पेनिश राष्ट्रपति का पहला दौरा था. अब 2026 में उनकी यह वापसी दिखाती है कि स्पेन के लिए भारत अब ग्लोबल मैप पर एक ‘मस्ट-विजिट’ और ‘मस्ट-पार्टनर’ देश बन चुका है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
