Bharat Express DD Free Dish

हर आतंकी हमले का जवाब कठोरता और तत्परता से देना पीएम मोदी की नीति: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पुंछ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति के तहत हर आतंकी हमले का जवाब कठोरता और तत्परता से दिया जाएगा.

Amit Shah

अमित शाह.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अपने पुंछ दौरे के क्रम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति है कि हर आतंकी हमले का जवाब कठोरता और तत्परता से दिया जाएगा.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने जम्मू-कश्मीर दौरे पर सीमा पार से गोलीबारी में प्रभावित लोगों से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को नियुक्ति पत्र भी सौंपा. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की.

पाक प्रायोजित हमलों की कड़ी निंदा

शाह ने कहा, “पाकिस्तान ने घोर निंदनीय हमला किया. रिहायशी इलाकों और धार्मिक स्थलों पर हमला किया. उस हमले में हमारे जो नागरिक हताहत हुए हैं, उनके परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. हम सभी जानते हैं कि मुआवजा या सरकारी नौकरी से जीवन में जो हानि हुई है, उसकी क्षतिपूर्ति नहीं हो सकती, लेकिन जम्मू-कश्मीर सरकार, भारत सरकार और समग्र जनता की जो भावना जुड़ी है, यह उसका प्रतीक है.”

उन्होंने कहा, “पूरा देश इस घटनाक्रम में आपके साथ चट्टान की तरह खड़ा है. जो बहादुरी पुंछ के नागरिकों और अधिकारियों ने दिखाई है, उससे पूरे देश का संबल बढ़ा है. पहलगाम में निर्दोष नागरिकों, यात्रियों पर कायराना हमला हुआ. पीएम मोदी की नीति है कि हर आतंकवादी हमले का जवाब तत्परता और कठोरता से दिया जाएगा. उस नीति के तहत हमने 7 मई की रात को पीओके और पाकिस्तान में जो आतंकवादी अड्डे थे, उन्हें ध्वस्त कर दिया.”

उन्होंने कहा, “पहली बार भारत की सेना ने पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी हेडक्वार्टर को नष्ट कर दिया. यह करारा जवाब समग्र भारत की जनता की ओर से दिया गया. पीएम मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति से लिए गए निर्णय, हमारी एजेंसियों की सटीक सूचनाओं और सेना के अद्भुत साहस और अचूक मारक क्षमता के कारण यह संपन्न हो पाया कि सैकड़ों की संख्या में आतंकवादी हताहत हुए.”

ये भी पढ़ें: AI और फर्जी वेबसाइटों से हो रहे दुरुपयोग पर सख्त हुए सदगुरू जग्गी वासुदेव, दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की याचिका

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read