Bharat Express DD Free Dish

गणतंत्र दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: लोकतंत्र, संविधान और विकसित भारत के संकल्प को बताया राष्ट्र की ताकत

77वें गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र, संविधान और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन की भी सराहना की.

PM Modi Tweet on Republic Day

देश आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है. इस राष्ट्रीय पर्व के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और लोकतंत्र, संविधान तथा राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प पर जोर दिया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर करते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व को रेखांकित किया.

गणतंत्र दिवस पर PM Modi का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में गणतंत्र दिवस को भारत की स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक बताया. उन्होंने लिखा, ‘गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है. यह पर्व हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है.’

वहीं, पीएम मोदी ने अपने दूसरे पोस्ट में ये भी कहा, ‘यह अवसर विकसित भारत बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प में नई ऊर्जा और उत्साह जोड़े.’

इस पोस्ट में पीएम मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए देशवासियों से सामूहिक प्रयासों के जरिए आगे बढ़ने का आह्वान किया.

अत्यंत प्रेरणादायी संबोधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दिए गए संबोधन को रीपोस्ट करते हुए उसकी सराहना भी की. उन्होंने पोस्ट में सराहना करते हुए कहा, ‘गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति जी ने देश के नाम एक अत्यंत प्रेरणादायी संबोधन दिया है. उन्होंने हमारे संविधान की विशेषता को रेखांकित करते हुए उस सामूहिक भावना की सराहना की, जिसने हमारे राष्ट्र को निरंतर आगे बढ़ाया है.’

उन्होंने आगे लिखा कि उनका यह संबोधन हर देशवासी को लोकतंत्र को सशक्त बनाने, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने और विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है.

क्यों खास है गणतंत्र दिवस?

गणतंत्र दिवस हर साल 26 जनवरी को मनाया जाता है. इसी दिन वर्ष 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ और देश एक संप्रभु गणराज्य बना. यह दिन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की याद दिलाने का अवसर है. कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और एकता का प्रतीक होती है.

ये भी पढ़ें: भारत-ईयू ट्रेड डील: कारों पर घटेगा आयात शुल्क, ऑटो सेक्टर में नई हलचल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read