Bharat Express DD Free Dish

यूरोप में गूंजा ‘वंदे मातरम’: स्लोवाकिया में पीएम मोदी का हुआ जोरदार स्वागत, आज राष्ट्रपति और पीएम से करेंगे खास मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के दो दिवसीय ऐतिहासिक दौरे पर राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे हैं. आजादी के बाद किसी भारतीय पीएम का यह पहला दौरा है, जहां उनका स्वागत स्लोवाक परंपरा के अनुसार ‘रोटी और नमक’ से किया गया.

PM Modi Slovakia Visit Historic Welcome With Bread And Salt In Bratislava

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर यूरोपीय देश स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंच चुके हैं. साल 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद से किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला ऐतिहासिक दौरा है. ग्रैंड होटल रिवर पार्क पहुंचने पर स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने पीएम मोदी की अगवानी की. इस दौरान प्रधानमंत्री का स्वागत वहां की बेहद खास और पुरानी परंपरा के मुताबिक ‘रोटी और नमक’ भेंट करके किया गया.

क्या है ‘रोटी और नमक’ से स्वागत की अनोखी परंपरा?

स्लोवाक संस्कृति में मेहमानों का स्वागत करने का यह तरीका बेहद पवित्र माना जाता है. वहां की परंपरा के अनुसार, मेहमान को आदरपूर्वक रोटी और नमक की एक छोटी डिश पेश की जाती है.

इसमें ‘रोटी’ देश की खुशहाली और संपन्नता को दर्शाती है, जबकि ‘नमक’ आपसी दोस्ती, सुरक्षा और मेहमान की अनमोल कीमत का प्रतीक माना जाता है.

विदेशी कलाकारों ने दी ‘वंदे मातरम’ पर प्रस्तुति

होटल पहुंचने पर पीएम मोदी का स्वागत सिर्फ कूटनीतिक नहीं बल्कि बेहद सांस्कृतिक भी रहा. वहां के प्रसिद्ध ‘लुक्निका एन्सेम्बल’ समूह के कलाकारों ने भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान दिखाते हुए ‘वंदे मातरम’ पर एक खास और भावुक कर देने वाली प्रस्तुति दी. इसके अलावा, मायजावा इलाके के बच्चों के एक लोक समूह ने पारंपरिक स्लोवाक नृत्य पेश किया. प्रधानमंत्री ने स्लोवाकियन म्यूजिकल ग्रुप के ‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ की एक आध्यात्मिक परफॉर्मेंस भी देखी.

वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने भी तिरंगा लहराकर और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ पीएम का गर्मजोशी से स्वागत किया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस दौरे को दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक ‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’ बताया है.

राष्ट्रपति और पीएम के साथ कूटनीतिक बैठकों पर नजर

स्लोवाकिया पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘ब्रातिस्लावा पहुंच गया हूं. यह दौरा भारत-स्लोवाकिया के रिश्तों को और गहरा करने तथा आपसी सहयोग के नए रास्ते तलाशने का एक बड़ा मौका है.’

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि मैं स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ होने वाली बेहद सकारात्मक और सार्थक मुलाकातों का इंतजार कर रहा हूं.

सोमवार को होने वाली इन बैठकों में दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर अहम चर्चा होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें:किशन रेड्डी के जन्मदिन पर बोले अमित शाह- ‘पीएम मोदी के आत्मनिर्भर ऊर्जा विजन को दे रहे हैं नई रफ्तार’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read