Bharat Express DD Free Dish

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: आस्था और आधुनिकता के संगम के बीच PM मोदी की ‘शौर्य यात्रा’, सोशल मीडिया पर किया खास पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दूसरे दिन सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और 1000 वर्ष पुराने इतिहास को नमन करते हुए ‘शौर्य यात्रा’ की कमान संभाली. पीएम ने ड्रोन शो और ओंकार मंत्रोच्चार के वीडियो शेयर कर इसे ‘शाश्वत दिव्यता का प्रतीक’ बताया.

PM Modi Somnath Visit 2026

PM Modi Somnath Visit 2026: गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के केंद्र बिंदु ‘शौर्य यात्रा’ के साक्षी बनेंगे. आस्था और आधुनिकता के अद्भुत संगम के बीच पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर को शाश्वत दिव्यता का प्रतीक बताया, जो सदियों से मानवता का मार्गदर्शन कर रहा है. रविवार को होने वाली इस ऐतिहासिक शौर्य यात्रा और मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के जरिए भारत की सांस्कृतिक विरासत का एक भव्य रूप दुनिया के सामने आएगा.

ड्रोन शो के साथ ओंकार नाद की गूंज

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शनिवार के कार्यक्रमों की भव्यता साझा की. उन्होंने बताया कि किस तरह सोमनाथ मंदिर परिसर ओंकार मंत्र के जाप से गुंजायमान रहा.

पीएम ने लिखा- “आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में 1000 सेकंड्स तक ओंकार नाद के सामूहिक उच्चार का सौभाग्य मिला. उसकी ऊर्जा से अंतर्मन आनंदित है.”

शनिवार रात मंदिर के आसमान में एक भव्य ड्रोन शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें आधुनिक टेक्नोलॉजी के जरिए भारत की प्राचीन आस्था और गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया. प्रधानमंत्री ने इसे ‘आस्था और तकनीक का मंत्रमुग्ध कर देने वाला तालमेल’ करार दिया.

शौर्य यात्रा और 108 घोड़ों का मार्च

रविवार का दिन सोमनाथ की पावन धरा पर ‘शौर्य यात्रा’ के नाम रहने वाला है. शंख सर्कल से शुरू होने वाली इस यात्रा में 108 घोड़ों का एक प्रतीकात्मक मार्च निकाला जाएगा, जो त्याग, वीरता और बलिदान की गाथा को जीवंत करेगा. प्रधानमंत्री मोदी स्वयं इस यात्रा में शामिल होंगे. इसके पश्चात, सुबह लगभग 10:15 बजे वे सोमनाथ मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और फिर एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोमनाथ की सांस्कृतिक शक्ति का संदेश विश्वभर में देंगे.

ये भी पढ़ें- सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: मंदिर में पीएम मोदी ने देखा भव्य ड्रोन शो, शौर्य यात्रा में भी होंगे शामिल

विकास की नई रफ्तार

सोमनाथ में धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी का रुख विकास परियोजनाओं की ओर होगा. दोपहर करीब 2 बजे, वे राजकोट के मारवाड़ी विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वे कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए ‘वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन’ का उद्घाटन करेंगे. यह सम्मेलन इस क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा.

दौरे के अंतिम चरण में पीएम अहमदाबाद पहुंचेंगे. शाम करीब 5:15 बजे, वे अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के तहत सेक्टर 10ए से महात्मा मंदिर तक के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे, जिससे गांधीनगर और अहमदाबाद के बीच कनेक्टिविटी और भी आसान हो जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read