Independence Day 2025: भारत में 15 अगस्त 2025 को 79वां स्वतंत्रता दिवस मनेगा, इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. यह उपलब्धि उन्हें देश के इतिहास में एक अनोखा स्थान दिलाएगी, क्योंकि अब तक कोई गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री इतनी बार तिरंगा नहीं फहरा पाया है. नरेंद्र मोदी ने 2014 में पहली बार पीएम बनने के बाद से हर साल यह सम्मान प्राप्त किया है. इससे पहले, अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 बार यह रिकॉर्ड बनाया था, जबकि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कुल 17 बार ध्वज फहराया. 2024 के चुनावों में लगातार तीसरी जीत के बाद यह मोदी का पहला स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा, जो उनकी राजनीतिक स्थिरता को दर्शाता है.
पहली बार अग्निवीर देंगे प्रस्तुति
इस वर्ष राष्ट्रगान बजाने वाले वायुसेना बैंड में पहली बार 11 अग्निवीर संगीतकार शामिल होंगे. बैंड में कुल 26 सदस्य होंगे, जो राष्ट्रगान की धुन बजाएंगे. ध्वजारोहण के समय 1721 फील्ड बैटरी द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जिसमें स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन का उपयोग होगा. इसके बाद दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से फूलों की वर्षा होगी, जिसमें एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ध्वज लेकर उड़ेगा.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उत्सव
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को विशेष रूप से मनाया जाएगा. अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में मई में शुरू हुए इस सैन्य अभियान में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए, जिसमें ब्रह्मोस मिसाइल और अन्य स्वदेशी हथियारों का उपयोग हुआ. आमंत्रण पत्रों पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो और चिनाब ब्रिज का वाटरमार्क छपा है, जो नए भारत की मजबूती का प्रतीक है. सजावट और पोस्टर भी इसी थीम पर आधारित होंगे.
इस वर्ष का थीम: नया भारत
इस वर्ष का थीम ‘नया भारत’ है, जो विकसित भारत 2047 की दिशा में प्रगति को दर्शाता है. करीब 5,000 विशेष अतिथि लाल किले पर मौजूद रहेंगे, जिनमें ओलंपिक विजेता, किसान, सरपंच, युवा उद्यमी, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और आदिवासी बच्चे शामिल हैं. एनसीसी कैडेट्स और ‘माई भारत’ वॉलंटियर्स राष्ट्रगान गाएंगे और ‘नया भारत’ का लोगो बनाएंगे. शाम को देशभर के 96 शहरों में सेना और अर्धसैनिक बलों के बैंड देशभक्ति धुनें बजाएंगे. यह समारोह सुरक्षा, समृद्धि और साहस के नए भारत की झलक पेश करेगा.
यह भी पढ़िए: 78 साल पहले बंटा था भारत, आज भी जिंदा है उस दर्द की याद, PM Modi और अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
Also Follow Bharat Express on X
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

