आज पूरा भारत नम आंखों से उन 40 वीर सपूतों को याद कर रहा है, जिन्होंने साल 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था. आज इस कायराना हमले को 7 साल बीत चुके हैं, लेकिन शहीद जवानों की यादें और उनका साहस आज भी हर हिंदुस्तानी के सीने में मशाल की तरह जल रहा है. इस भावुक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए देश के इन जांबाज हीरोज को नमन किया है.
PM Modi ने वीर नायकों को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले हमारे वीर नायकों को याद कर रहा हूं.’
Remembering the brave heroes who laid down their lives in Pulwama on this day in 2019. Their devotion, resolve and service to the nation remain forever etched in our collective consciousness. Every Indian draws strength from their enduring courage.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 14, 2026
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि देश के प्रति उनकी भक्ति, संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा के लिए अंकित रहेगी. हर भारतीय उनके अटूट साहस से शक्ति प्राप्त करता है.
पुलवामा: घाव जिसे भारत कभी नहीं भूल सकता
14 फरवरी 2019 की वो दोपहर भारत के इतिहास में एक ‘ब्लैक डे’ की तरह दर्ज है. जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सीआरपीएफ (CRPF) का एक बड़ा काफिला गुजर रहा था. करीब 78 गाड़ियों में 2,500 से ज्यादा जवान सवार थे. तभी अवंतीपोरा के पास एक विस्फोटक से लदी कार ने सुरक्षा बलों की बस को टक्कर मार दी. धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और पल भर में पूरा इलाका धुएं और मलबे में तब्दील हो गया.
इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. उस वक्त हर तरफ बस एक ही मांग थी, ‘बदला’. भारत ने भी देर नहीं की और हमले के ठीक 12 दिन बाद 26 फरवरी को ‘बालाकोट एयरस्ट्राइक’ के जरिए पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया.
राजनीति से ऊपर उठकर देश ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री के अलावा विपक्षी नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी जवानों को याद किया. राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि भारत माता की रक्षा में इन वीर जवानों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा और हम सदा उनके ऋणी रहेंगे. आज देशभर में जगह-जगह शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बालाकोट स्ट्राइक का ‘महाराजा रणजीत सिंह’ कनेक्शन: पुलवामा की शाम ही तय हो गया था बदला, दाऊद को मारने का भी था प्लान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
