Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने किया राष्ट्रपति मैक्रों का भव्य स्वागत, बोले- ‘भारत बेसब्री से इंतजार कर रहा है, मेरे प्रिय मित्र’

पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों की सोशल मीडिया पर हुई गर्मजोशी भरी बातचीत ने बटोरी सुर्खियां. जानिए 3 दिवसीय भारत दौरे पर आए मैक्रों और पीएम मोदी के बीच किन बड़े मुद्दों पर होगी चर्चा और क्या है ‘ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’.

PM MODI WELCOMES FRENCH PRESIDENT EMMANUEL MACRON

राजनीति और कूटनीति की दुनिया में अक्सर भारी-भरकम शब्द सुनाई देते हैं, लेकिन जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच एक अलग ही गर्मजोशी और अपनेपन का अहसास होता है. हाल ही में दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत इसका जीता-जागता उदाहरण है. राष्ट्रपति मैक्रों के भारत दौरे पर निकलने के बाद, पीएम मोदी ने बड़े ही खास अंदाज में उनका स्वागत किया.

बेसब्री से इंतजार: PM Modi

फ्रांसीसी राष्ट्रपति के भारत आने की खबर पर रिप्लाई करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “भारत में आपका स्वागत है! भारत आपकी यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहा है और हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तत्पर है.

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चाएं विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेंगी और वैश्विक प्रगति में योगदान देंगी. मुंबई में और बाद में दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्रिय मित्र! @EmmanuelMacron.

मैक्रों का 3 दिन का भारत दौरा

इससे पहले राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत के लिए अपनी रवानगी की जानकारी एक बहुत ही सुंदर संदेश के साथ दी थी. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था कि वह मुंबई से नई दिल्ली तक तीन दिनों के सफर पर निकल चुके हैं. उन्होंने साफ किया कि उनके साथ केवल राजनयिक ही नहीं, बल्कि फ्रांस के बड़े बिजनेस लीडर्स और डिजिटल क्षेत्र के दिग्गज भी भारत आ रहे हैं. मैक्रों ने पीएम मोदी को ‘प्रिय मित्र’ कहकर संबोधित किया और कहा कि वे दोनों मिलकर भारत-फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी को एक नई दिशा देंगे.

मुलाकात नहीं, रिश्तों का नया अध्याय

भारत और फ्रांस का रिश्ता आज सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं है. यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि यह ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ की शुरुआत कर रहा है. आज मुंबई में जब दोनों नेता मिलेंगे, तो दुनिया की नजरें रक्षा (Defence), अंतरिक्ष (Space) और एआई (AI) जैसे क्षेत्रों में होने वाले बड़े समझौतों पर होंगी. हाल ही में भारत द्वारा 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद की चर्चा ने इस दौरे की अहमियत और बढ़ा दी है.

मुंबई से दिल्ली तक की हलचल

मैक्रों की इस यात्रा की शुरुआत मायानगरी मुंबई से हो रही है. पहली बार कोई फ्रांसीसी राष्ट्रपति मुंबई में द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन (Bilateral Summit) में हिस्सा लेगा. इसके बाद दिल्ली में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में दोनों नेताओं की मौजूदगी यह साफ करती है कि भारत और फ्रांस आने वाले समय में दुनिया को ‘डिजिटल भविष्य’ दिखाने की तैयारी में हैं.

ये भी पढ़ें: गांधीनगर में ‘मंथन’ का मंच: अमित शाह की हाई-लेवल मीटिंग, जानें क्या है कोऑपरेटिव प्रॉफिट प्लान?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read