Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

असम से लेकर बंगाल का दौरा करेंगे PM मोदी, 13 से 15 सितंबर तक देंगे हजारों करोड़ की सौगात, तेज हुईं तैयारियां

PM Modi Manipur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर के बीच मिज़ोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा करेंगे. इस दौरान वे लगभग 70 हज़ार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिनमें रेल, सड़क, ऊर्जा, शिक्षा, खेल और कृषि से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं.

PM Modi

PM Modi Manipur Visit September 13: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर के बीच मिज़ोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा करेंगे. इस दौरान वे विभिन्न राज्यों में लगभग 70 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.

PM मोदी अपने दौरे की शुरुआत 13 सितंबर को मिज़ोरम से करेंगे. सुबह 10 बजे राजधानी आइज़ॉल में वे 9 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें रेलवे, सड़क, ऊर्जा और खेल के क्षेत्र से जुड़ी अहम योजनाएं शामिल हैं.

मिज़ोरम में रेल कनेक्टिविटी और नई ट्रेनों की सौगात

सबसे बड़ी उपलब्धि होगी बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन का उद्घाटन, जिसकी लागत 8,070 करोड़ रुपये है. यह पहली बार है जब मिज़ोरम सीधे भारतीय रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा. पहाड़ी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में बने इस रेलमार्ग में 45 सुरंगें और 143 पुल (बड़े और छोटे) शामिल हैं. इस कनेक्टिविटी से खाद्यान्न, उर्वरक और अन्य ज़रूरी सामान की सप्लाई आसान होगी, साथ ही यात्रा समय और लागत भी घटेगी.

इसी मौके पर प्रधानमंत्री तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनें की सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है. सबसे पहले सैरांग (आइज़ॉल) से दिल्ली (आनंद विहार) के बीच राजधानी एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद सैरांग से गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन और सैरांग से कोलकाता एक्सप्रेस नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे.

मिज़ोरम के बाद PM मोदी जाएंगे मणिपुर

इसके अलावा, प्रधानमंत्री आइज़ॉल बाईपास रोड (500 करोड़ रुपये), थेंजावल–सियालसुक रोड और खनकाउन–रोंगुरा रोड जैसी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. चिमतुईपुई नदी पर बनने वाला नया पुल यात्रा समय दो घंटे तक कम करेगा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को भी मज़बूती देगा. खेल और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी सौगातें मिलेंगी. प्रधानमंत्री खेलो इंडिया मल्टीपरपज़ इंडोर हॉल, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट (मुआलकांग), कौर्थाह में नया रेज़िडेंशियल स्कूल और त्लांगनुआम में एकलव्य मॉडल रेज़िडेंशियल स्कूल का उद्घाटन करेंगे.

मिज़ोरम के बाद पीएम मोदी मणिपुर जाएंगे. दोपहर 12:30 बजे चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनमें शहरी सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और मणिपुर इंफोटेक डेवलपमेंट प्रोजेक्ट जैसी योजनाएं शामिल हैं. इसके बाद इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. यहां नए सिविल सचिवालय, आईटी स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन, नए पुलिस मुख्यालय और महिला संचालित इमा मार्केट्स जैसी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी.

13 और 14 सितंबर को करेंगे असम का दौरा

शाम 5 बजे प्रधानमंत्री गुवाहाटी में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. 14 सितम्बर को प्रधानमंत्री असम में 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. दर्रांग में वे मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग संस्थान, गुवाहाटी रिंग रोड और ब्रह्मपुत्र पर कुरुवा नरेन्गी पुल जैसी योजनाओं की नींव रखेंगे. साथ ही गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ रिफाइनरी परिसर में प्रधानमंत्री असम बायो-एथेनॉल प्लांट का उद्घाटन करेंगे और पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट का शिलान्यास करेंगे. इससे पेट्रोकेमिकल सेक्टर और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा.

15 सितंबर को करेंगे पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा

15 सितंबर को प्रधानमंत्री कोलकाता पहुंचेंगे, जहां वे सुबह 9:30 बजे 16वें संयुक्त कमांडर्स कॉन्फ्रेंस-2025 का उद्घाटन करेंगे. तीन दिन चलने वाला यह सम्मेलन सेना और शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व के बीच सुरक्षा और भविष्य की रणनीतियों पर विमर्श का मंच है. इसके बाद पीएम मोदी बिहार जाएंगे. दोपहर 2:45 बजे वे पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. साथ ही 36,000 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.

36,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

बिहार में पीएम मोदी कई बड़े विकास कार्यों की नींव रखने जा रहे हैं. इनमें भागलपुर के पीरपैंती में लगभग 25,000 करोड़ रुपये की लागत से 3×800 मेगावॉट क्षमता वाला थर्मल पावर प्लांट शामिल है. इसके अलावा 2,680 करोड़ रुपये की लागत से कोसी मेची नदी जोड़ परियोजना पर काम होगा. रेलवे क्षेत्र में भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे 2,170 करोड़ रुपये की लागत से बिक्रमशिला कतारिया रेल लाइन और 4,410 करोड़ रुपये की लागत से अररिया गलगलिया रेल लाइन बिछाई जाएगी. साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए नई ट्रेनों की शुरुआत की जाएगी, जिनमें जोगबनी दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस और सहरसा छेहर्ता व जोगबनी ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं.

इसके साथ ही प्रधानमंत्री बिहार को नेशनल मखाना बोर्ड की सौगात देंगे. बिहार देश के कुल मखाना उत्पादन का 90% हिस्सा अकेले देता है. इस बोर्ड से उत्पादन, प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात को नई दिशा मिलेगी. प्रधानमंत्री पूर्णिया में सेक्स सॉर्टेड सीमन फैसिलिटी का उद्घाटन भी करेंगे. यह पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत की पहली अत्याधुनिक सुविधा है, जो 5 लाख खुराक सालाना तैयार करेगी. इसका उद्देश्य दुग्ध उत्पादन बढ़ाना और छोटे किसानों की आय में इज़ाफ़ा करना है.

इसके अलावा प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के ग्रामीण और शहरी लाभार्थियों को घर की चाबी सौंपेंगे और DAY-NRLM के तहत महिलाओं की समितियों को 500 करोड़ रुपये के सामुदायिक निवेश फंड भी वितरित करेंगे.

ये भी पढ़ें: रामलला के दर्शन करने वाले मॉरीशस के नवीन चंद्र राम गुलाम बने दूसरे विदेशी पीएम

Also Follow Bharat Express on Facebook

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital