Raja Raghuvanshi Murder Case
राजा रघुवंशी मर्डर केस की जांच कर रही शिलॉन्ग पुलिस की एसआईटी और इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है. बुधवार को इंदौर के पलासिया इलाके में इंडस्ट्री हाउस के पीछे बने एक नाले से कुछ अहम सबूत मिले हैं. खास बात यह रही कि इस दौरान पुलिस आरोपी शिलोम जेम्स को भी मौके पर साथ लेकर पहुंची थी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी नाले में शिलोम ने सोनम रघुवंशी का लैपटॉप फेंका था, जिसे अब बरामद कर लिया गया है. साथ ही, राजा रघुवंशी का मोबाइल फोन, एक देसी पिस्टल, कुछ सोने के गहने और अन्य सामान भी यहां से मिला है.
शिलोम पर है हत्या से जुड़े सबूत मिटाने के आरोप
शिलोम पर हत्या से जुड़े सबूत मिटाने का आरोप है. जांच में सामने आया है कि इस काम में उसके साथ दो और लोग लोकेंद्र तोमर और बलविंदर भी शामिल थे. पुलिस को शक है कि इन्होंने ही सोनम के हीराबाग वाले फ्लैट से सूटकेस, नकदी, गहने और हथियार गायब किए थे.
एसआईटी इंदौर में जमाये हुए है डेरा
फिलहाल एसआईटी की टीम इंदौर में ही डेरा जमाए हुए है और मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि मिले सबूत सोनम रघुवंशी के खिलाफ केस को और मजबूत बनाएंगे.
राजा की हत्या के बाद इंदौर आई थी सोनम
जानकारी के अनुसार, राजा की हत्या के बाद सोनम इंदौर आ गई थी और यहां एक फ्लैट किराए पर लेकर ठहरी थी. लेकिन जब वह इंदौर छोड़कर गाजीपुर चली गई, तो शिलोम जेम्स ने उस फ्लैट से उसका बैग निकाल लिया और उसे जलाकर अंदर का सामान नाले में फेंक दिया. पुलिस ने फ्लैट मालिक लोकेंद्र तोमर को भी गिरफ्तार कर लिया है.
रिलेशनशिप में थे दोनों
मेघालय पुलिस ने हनीमून मर्डर केस में एक बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, सोनम रघुवंशी और उसका कथित प्रेमी राज एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे, और दोनों ने यह बात कबूल भी कर ली है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल नार्को टेस्ट की कोई योजना नहीं है, क्योंकि उनके पास पहले से ही इस मामले से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं. जांच टीम का मानना है कि केस को आगे बढ़ाने के लिए जो जरूरी तथ्य हैं, वे उनके पास हैं.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
