Indian Astronaut Shubhanshu Shukla: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने आज अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर भारत का परचम लहराया. वे नासा और एक्सिओम स्पेस के संयुक्त मिशन, एक्सिओम-4 (Ax-4) के पायलट के रूप में स्पेसएक्स फाल्कन-9 रॉकेट से अंतरिक्ष की ओर रवाना हुए थे.
ऐसा 41 साल बाद हुआ है, जब भारत से किसी मानव को अंतरिक्ष में भेजा गया है. इससे पहले 1984 में कैप्टन राकेश शर्मा ने सोवियत मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा की थी.
चार अंतरिक्ष यात्रियों में से एक भारतीय
शुभांशु शुक्ला, जिन्हें उनके कॉलसाइन ‘शक्स’ से जाना जाता है, को इसरो के गगनयान मिशन के लिए चुने गए चार अंतरिक्ष यात्रियों में से एक के रूप में शामिल किया गया था. 11 जून 2025 को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) वाले मिशन से जुड़ने के बाद, उन्होंने 14 दिनों तक खाद्य और पोषण संबंधी प्रयोग किए. यह मिशन भारत और अमेरिका के बीच अंतरिक्ष सहयोग का एक महत्वपूर्ण कदम है.

मिशन से पहले, स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट में लिक्विड ऑक्सीजन रिसाव की समस्या सामने आई थी. इसरो की सतर्कता और तकनीकी सहायता ने इस समस्या को हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे मिशन की सुरक्षा सुनिश्चित हुई. इसरो की इस पहल ने एक संभावित अंतरिक्ष आपदा को टाल दिया.
‘मैं राकेश शर्मा की कहानी से प्रेरित हुआ’
शुभांशु शुक्ला ने कहा, “मैं राकेश शर्मा की कहानियों से प्रेरित होकर बड़ा हुआ. अंतरिक्ष में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है.” उनकी इस उपलब्धि ने युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति उत्साह बढ़ाया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की शुभांशु की सराहना
शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी सराहना की. राष्ट्रपति ने कहा— “ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में भारत के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, पूरा देश उनके साहसिक अभियान पर गौरवान्वित और उत्साहित है. अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के साथ एक्सिओम मिशन 4 सिद्ध करता है कि वास्तव में “वसुधैव कुटुंबकम – पूरा विश्व एक परिवार है. इस मिशन की सफलता के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. यह मिशन NASA और ISRO के बीच मजबूत साझेदारी का भी प्रतीक है. इस मिशन के दौरान की जाने वाली विविध वैज्ञानिक प्रयाग नये खोजों और अंतरिक्ष अनुसंधान के नए आयामों को जन्म देंगे.”

‘ISS पर जाने वाले पहले भारतीय होंगे शुभांशु’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु शुक्ला की सफल उड़ान पर बधाई देते हुए कहा, “हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में पहुंचाने वाले मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं. भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं. उनके साथ 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं, आशाएं और आकांक्षाएं जुड़ी हुई हैं. हम उनके और अन्य सभी अंतरिक्ष यात्रियों को इस मिशन के लिए उनकी सफलता की शुभकामनाएं देते हैं!”
ऐतिहासिक उपलब्धि पर कैप्टन को बधाई: योगी
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा— “भारत के लिए गर्व का क्षण! इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर Axiom Mission 4 के मिशन पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को हार्दिक बधाई. माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में इस अंतरराष्ट्रीय मिशन में भारत की भागीदारी हमारे वैज्ञानिक प्रगति और वैश्विक सहयोग के प्रति अद्भुत संकल्प को दर्शाती है. अगामी मिशन के लिए भी मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएँ.”
यह राष्ट्रीय गौरव का क्षण- मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि शुभांशु का योगदान मिशन में अन्य अंतरिक्ष यात्रियों जितना ही महत्वपूर्ण था. यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और इसरो की तकनीकी क्षमता को दर्शाती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


