Post Office Scheme 1141 Crore Investment
Post Office Scheme: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने डाक सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने 16वें वित्त आयोग चक्र यानी वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक डाक संचालन योजना (Postal Operations Scheme) को जारी रखने की मंजूरी दे दी है. इस योजना पर अगले पांच वर्षों में कुल 1,141 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसका मकसद देश के कोने-कोने तक डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, पार्सल डिलीवरी को बेहतर बनाना और ग्रामीण इलाकों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करना है.
देश के 1.65 लाख डाकघरों को मिलेगा फायदा
भारत में करीब 1.65 लाख डाकघर हैं, जिनमें से 1,49,655 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं. ये डाकघर केवल चिट्ठियां और पार्सल पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार पंजीकरण और अपडेट, पासपोर्ट सेवाओं और KYC जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हैं. ऐसे में सरकार का यह फैसला ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए काफी अहम माना जा रहा है. योजना के जरिए डाकघरों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ उनकी डिजिटल कनेक्टिविटी भी बेहतर बनाई जाएगी.
छह क्षेत्रों में खर्च होंगे 1,141 करोड़ रुपये
डाक संचालन योजना के तहत छह प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
ग्रामीण डाक नेटवर्क (120 करोड़ रुपये): ग्रामीण डाकघरों का बुनियादी ढांचा मजबूत करने और डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर खर्च होगा.
मेल नेटवर्क आधुनिकीकरण (575 करोड़ रुपये): डाक वितरण में नई तकनीक, मशीनीकरण, GIS आधारित सेवाओं और बेहतर परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा.
पार्सल नेटवर्क (278 करोड़ रुपये): पार्सल हब और पैकेजिंग यूनिट का विस्तार किया जाएगा, जिससे ई-कॉमर्स डिलीवरी को गति मिलेगी.
अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाएं (8 करोड़ रुपये): विदेशों में डाक सेवाओं से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा.
मार्केटिंग और सेवा गुणवत्ता (100 करोड़ रुपये): ग्राहकों तक सेवाओं की बेहतर पहुंच और गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान दिया जाएगा.
फिलेटली संचालन (60 करोड़ रुपये): डाक टिकट संग्रह, प्रदर्शनियों, प्रतियोगिताओं और नए डिजाइन के टिकटों को प्रोत्साहन मिलेगा.
ग्रामीण इलाकों से लेकर ई-कॉमर्स तक होगा फायदा
सरकार का मानना है कि इस योजना से इंडिया पोस्ट की कार्यक्षमता में सुधार होगा. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बैंकिंग और अन्य वित्तीय सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी. इसके अलावा पार्सल नेटवर्क के आधुनिकीकरण से ऑनलाइन कारोबार और ई-कॉमर्स कंपनियों को भी फायदा मिल सकता है. बेहतर परिवहन, आधुनिक तकनीक और मजबूत डिलीवरी नेटवर्क से सामान की पहुंच दूरदराज के इलाकों तक आसान होगी. कुल मिलाकर, सरकार का यह निवेश देश के डाक नेटवर्क को आधुनिक बनाने के साथ ग्रामीण भारत में वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




