Bharat Express DD Free Dish

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिले पीएम मोदी: स्वास्थ्य, खेती और महिला सशक्तिकरण में साझेदारी मजबूत करने पर हुई चर्चा

इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने पीएम मोदी से मुलाकात कर स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण में एकेडीएन की साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की.

Prince Rahim Aga Khan V Meets PM Modi To Strengthen AKDN Partnership Bharat Express

इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम इन दिनों भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास और युवाओं व महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई.

PM Modi ने आगा खान-IV को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलना बेहद सुखद रहा. पीएम ने उनके पिता स्वर्गीय आगा खान चतुर्थ के सामाजिक और विकासात्मक कार्यों में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया.

पीएम मोदी ने बताया कि बैठक के दौरान ‘आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क’ (AKDN) के साथ भारत की साझेदारी को और ज्यादा मजबूत करने के तरीकों पर विस्तार से बात हुई.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर से हुई खास मुलाकात

पीएम मोदी से पहले प्रिंस रहीम ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की थी. जयशंकर ने बातचीत की जानकारी देते हुए कहा कि एकेडीएन द्वारा सामाजिक विकास, शिक्षा और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई. साथ ही भारत के अलावा विदेशों में भी इस सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर मंथन किया गया.

उपराष्ट्रपति के निमंत्रण पर भारत पहुंचे हैं प्रिंस रहीम

50वें इमाम का पद संभालने के बाद प्रिंस रहीम आगा खान की यह पहली भारत यात्रा है. वे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के विशेष निमंत्रण पर 9 से 15 सितंबर तक भारत के दौरे पर रहेंगे. अपनी एक हफ्ते की यात्रा के दौरान वे उपराष्ट्रपति के साथ औपचारिक बैठक करेंगे.

इसके अलावा, प्रिंस रहीम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का भी दौरा करने वाले हैं, जहां उनका नेटवर्क कई कल्याणकारी और सामुदायिक प्रोजेक्ट्स चला रहा है.

फरवरी 2025 में संभाली थी कमान

गौरतलब है कि प्रिंस रहीम ने फरवरी 2025 में अपने पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ के निधन के बाद 50वें इमाम के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी. स्वर्गीय आगा खान चतुर्थ ने वर्ष 1967 में ‘आगा खान फाउंडेशन’ की नींव रखी थी, जो आज दुनिया भर में गरीबों और वंचित तबके के उत्थान के लिए काम कर रहा है.

यह भी पढ़ें: ‘मैं तो झाड़ू-पोछा करने आई थी…’, मुजफ्फरपुर में रंगे हाथों पकड़ी गई प्रेमिका का नाटक, पर इस एक सामान ने उतार दिया सारा नकाब

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read