Bharat Express DD Free Dish

‘झारखंड क्यों नहीं गईं आप..!’ बीजेपी सांसद ने जब संसद में टोका, तो क्या बोल गईं प्रियंका गांधी?

संसद परिसर में मंगलवार को सत्तापक्ष और विपक्ष के प्रदर्शन के बीच बीजेपी सांसद मुकेश दलाल ने प्रियंका गांधी से झारखंड के छात्रों को लेकर सवाल किया. प्रियंका गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी छात्रों से मिल चुके हैं.

Priyanka Gandhi vs Mukesh Dalal: संसद के मानसून सत्र 2026 के आखिरी दिनों में सियासी पारा अपने पूरे उफान पर पहुंच गया है. मंगलवार (11 अगस्त) को संसद परिसर में उस वक्त भारी हलचल मच गई जब सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई. इसी हंगामे के बीच बीजेपी सांसद मुकेश दलाल ने कांग्रेस की फायरब्रांड नेता प्रियंका गांधी को रोककर एक ऐसा तीखा सवाल दाग दिया कि माहौल गरमा गया.

सांसद मुकेश दलाल ने पूछा कि झारखंड में लाठी खा रहे छात्रों से मिलने प्रियंका गांधी क्यों नहीं गईं? इस पर प्रियंका गांधी ने कैसे पलटवार किया.. आईए जानते हैं.

बीजेपी सांसद ने प्रियंका को रास्ते में टोका(Priyanka Gandhi vs Mukesh Dalal)

झारखंड में JPSC-JSSC छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और बीजेपी के ‘झारखंड बंद’ के बीच बीजेपी सांसद मुकेश दलाल ने संसद परिसर में प्रियंका गांधी से सीधा सवाल पूछा. उन्होंने घेराबंदी करते हुए कहा कि कांग्रेस झारखंड के मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही है, प्रियंका खुद वहां पीड़ित छात्रों से मिलने क्यों नहीं पहुंचीं? इस सवाल के बाद परिसर में मौजूद कैमरों के लेंस प्रियंका गांधी के रिएक्शन पर टिक गए.

 

प्रियंका का दो टूक जवाब क्या?

मुकेश दलाल के तीखे सवाल का प्रियंका गांधी ने बेहद सधे और बेबाक अंदाज में जवाब दिया. प्रियंका ने कहा कि “पार्टी की तरफ से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही झारखंड के छात्रों से मुलाकात कर चुके हैं और कांग्रेस इस मुद्दे पर पूरी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है.”

इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “इतिहास में पहली बार देख रही हूं कि सत्तापक्ष के सांसद खुद सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. कम से कम हमने उन्हें प्रदर्शन करने पर मजबूर तो कर दिया है.

यह भी पढ़ें- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल, झारखंड भर्ती परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग उठाई

संसद परिसर में दिखे अनोखे नजारे

बता दें कि आज सुबह से ही संसद परिसर में अभूतपूर्व ड्रामा देखने को मिल रहा है, जिसमें से कुछ ये प्रमुख हैं:

NDA का मार्च: एनडीए सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर लेकर मार्च निकाला और आरोप लगाया कि विपक्ष सिर्फ संसद का समय बर्बाद कर रहा है.

विपक्ष का पलटवार: विपक्षी सांसद “मोदी-शाह देश से माफी मांगें” के पोस्टर लेकर उतर आए.

सपा का अनोखा प्रदर्शन: समाजवादी पार्टी के सांसद अक्षय यादव दानपेटियां और गन्ने के पेड़ लेकर संसद भवन पहुंच गए. हालात इतने बेकाबू होने लगे कि सुरक्षाकर्मियों को ह्यूमन चेन बनाकर दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read