Priyanka Gandhi on Women Reservation Bill: गुरुवार को लोकसभा में महिला आरक्षण (Women’s Reservation Bill) पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार से बिल की टाइमिंग को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए ‘काला टीका’ वाले बयान का भी जिक्र किया और तंज कसते हुए कहा कि अगर सब कुछ इतना ही आसान है तो यह काम आज ही कर दिया जाना चाहिए. प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में राजनीति की झलक साफ दिखाई देती है.
काला टीका बयान पर तंज
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित ‘काला टीका’ बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर सरकार को पद खोने का डर नहीं है, तो 33% महिला आरक्षण और ओबीसी-एससी-एसटी के लिए उचित प्रतिनिधित्व आज ही लागू कर देना चाहिए. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि ‘शुभ काम आज ही हो जाएगा और काला टीका भी काम आ जाएगा.’
महिला आरक्षण बिल पर सवाल
प्रियंका गांधी ने महिला आरक्षण बिल के मौजूदा प्रारूप पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इसमें महिला आरक्षण 2029 तक लागू करने की बात है, जिसे वह समर्थन देती हैं. लेकिन असली मुद्दा परिसीमन से जुड़ा है, जिस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
परिसीमन और जनगणना को लेकर आपत्ति
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि बिल में सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने और परिसीमन आयोग बनाने की बात है, जो 2011 की जनगणना को आधार बनाएगा. उनके अनुसार, 2023 के पुराने बिल में नई जनगणना का प्रावधान था, जो इस ड्राफ्ट में नहीं है. उन्होंने इसे प्रतिनिधित्व से जुड़ा अहम मुद्दा बताया.
सरकार पर राजनीतिक आरोप
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस प्रक्रिया में राजनीति की झलक दिखती है. उन्होंने आरोप लगाया कि संसद को कमजोर करके सत्ता बनाए रखने की कोशिश की जा रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाएं अब ऐसे “बहकाने” वाले बयानों को पहचानने लगी हैं.
ये भी पढ़ें: अमित शाह की ‘पॉलिटिकल क्लास’! समझाया 850 सीटों का पूरा फॉर्मूला, प्रियंका-वेणुगोपाल के दावों की उड़ाई धज्जियां
कांग्रेस का रुख साफ
कांग्रेस सासंग प्रियंका गांधी स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन करती है और पहले भी 2023 में इस बिल का समर्थन किया था. उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी इसके पक्ष में मजबूती से खड़ी रहेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
