Amit Shah on Women Reservation Bill
Special Parliament Session: आज (16 अप्रैल) से संसद का विशेष सत्र शुरू हो गया है. लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने महिला आरक्षण विधेयक (Women Reservation Bill 2026) पर चर्चा के दौरान विपक्ष पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) के दावों को गलत बताया और लोकसभा की संभावित 850 सीटों का पूरा गणित समझाया. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की बातों पर भी पलटवार किया.
अमित शाह ने दिया प्रियंका गांधी के सवालों के जवाब
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के भाषण में लगाए गए आरोपों और उठाए गए सवालों पर गृह मंत्री अमित शाह ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि पूरी चर्चा के सभी सवालों का जवाब वह कल देंगे, लेकिन आज भी कुछ बातों का स्पष्टीकरण देना जरूरी है ताकि स्थिति साफ रहे. उन्होंने कहा कि यह गलत धारणा बनाई जा रही है कि इन तीन बिलों के आने से दक्षिण भारत के राज्यों की लोकसभा में ताकत कम हो जाएगी. शाह ने कहा कि वह इसे व्यावहारिक तरीके से समझा रहे हैं और लोगों से इसे ठीक से समझने की अपील करते हैं.
केसी वेणुगोपाल पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दक्षिण भारत की कुल लोकसभा सीटों में बदलाव के बाद किसी भी राज्य की ताकत कम नहीं होगी, बल्कि बढ़ेगी. उन्होंने बताया कि पहले दक्षिण भारत से 543 सीटों में 129 सांसद होते हैं, जो आगे बढ़कर 195 हो सकते हैं. इसलिए यह कहना गलत है कि इन राज्यों का प्रतिनिधित्व घटेगा.
अमित शाह ने आगे कहा कि कर्नाटक की सीटें 28 से बढ़कर 42 हो जाएंगी और उनका प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा. आंध्र प्रदेश में 25 से बढ़कर 38 सीटें होने की बात उन्होंने कही. तेलंगाना में 17 से बढ़कर 26 सीटें हो सकती हैं. इसी तरह तमिलनाडु में 39 से बढ़कर 59 सीटें और केरल में 20 से बढ़कर 30 सीटें हो जाएंगी. अमित शाह ने कहा कि इन आंकड़ों से साफ है कि सभी राज्यों का प्रतिनिधित्व पहले से ज्यादा मजबूत होगा और इस मुद्दे पर गलतफहमी फैलाई जा रही है.
गृह मंत्री ने कांग्रेस सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘वेणुगोपाल कह रहे हैं कि यह किसने कहा, मैं भारत का गृहमंत्री यह बात कह रहा हूं. कल उनको डिटेल जवाब दूंगा.’
ये भी पढ़ें: महिला बिल और परिसीमन पर सियासत न करें- पीएम मोदी
जनगणना पर झूठ फैलाया- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि यह दावा गलत है कि सरकार जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती. उन्होंने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में होती है, पहले घरों की गिनती और पहचान की जाती है, फिर उसमें रहने वाले लोगों की जानकारी ली जाती है. उन्होंने यह भी कहा कि 850 का जो आंकड़ा बताया जा रहा है, वह सही संदर्भ में नहीं समझा जा रहा है और इसे वह आगे विस्तार से स्पष्ट करेंगे. उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अगर 100 सीटों में 33% आरक्षण लागू किया जाए और सीटें बढ़ाकर 150 कर दी जाएं, तो इसी तरह बड़े स्तर पर आंकड़ों को समझना चाहिए.
कौन से है वो तीन बिल?
केंद्र सरकार ने संसद में तीन अहम विधेयक पेश करने की तैयारी की है. इनका मकसद 2029 तक महिला आरक्षण (Womens Reservation Bill) लागू करना और लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 तक करना बताया जा रहा है. इन तीन प्रस्तावों में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) 2026 और केंद्र-शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 शामिल हैं. इन्हें विशेष सत्र में चर्चा और मंजूरी के लिए लोकसभा में रखा गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


