Bharat Express DD Free Dish

भारत-पाक बॉर्डर पर सुरक्षा की एक और लेयर, क्या है पंजाब पुलिस का प्लान?

Punjab Police News: पंजाब पुलिस भारत-पाक सीमा पर 2367 सीसीटीवी कैमरों के साथ सुरक्षा की दूसरी लेयर बनाएगी. डीजीपी गौरव यादव ने ‘विजन 2026’ के तहत एंटी-ड्रोन सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड की जानकारी दी.

Punjab Police New Indo Pak Border Security Plan cctv anti drone vision 2026

Punjab Police News: पंजाब पुलिस भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए अब ‘सुरक्षा की दूसरी दीवार’ (Second Line of Defense) तैयार करने जा रही है. सीमा पार से होने वाली घुसपैठ और तस्करी को रोकने के लिए पंजाब पुलिस ने टेक्नोलॉजी आधारित एक बड़ा प्लान तैयार किया है. पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बुधवार को इस ‘विजन 2026’ की जानकारी साझा की.

क्या है सुरक्षा का नया प्लान? (Punjab Police Vision 2026)

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस बॉर्डर के पास 585 रणनीतिक ठिकानों (Strategic Locations) पर कुल 2,367 सीसीटीवी कैमरे लगाएगी. इस प्रोजेक्ट पर करीब 49.58 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. इन कैमरों के जरिए सीमा पर निगरानी को और कड़ा किया जाएगा, जिससे यह सुरक्षा की एक मजबूत दूसरी परत के रूप में काम करेगा. एंटी-ड्रोन सिस्टम का विस्तार सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाले ड्रोन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती हैं. डीजीपी ने बताया कि-

‘मौजूदा एंटी-ड्रोन सिस्टम (ADS) की संख्या 3 से बढ़ाकर जल्द ही 9 की जाएगी. भविष्य में चरणबद्ध तरीके से 10 और सिस्टम शामिल किए जाएंगे. ड्रोन रिस्पॉन्स टीमों को पहले ही एक्टिव कर दिया गया है. अगले साल विलेज डिफेंस कमेटी (VDC) के साथ तालमेल बढ़ाकर इन्हें और मजबूत किया जाएगा.’

इमरजेंसी रिस्पॉन्स टाइम घटेगा (Punjab Police Border Security Plan)

पंजाब पुलिस अपने ‘डायल 112’ सिस्टम को भी हाई-टेक कर रही है. मोहाली में 52 करोड़ रुपये की लागत से एक सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और 50 करोड़ रुपये के नए वाहन खरीदे जाएंगे. पुलिस का लक्ष्य है कि इमरजेंसी कॉल पर पुलिस के पहुंचने का समय (Response Time) मौजूदा 12-13 मिनट से घटाकर 7-8 मिनट किया जाए.

ये भी पढ़ें: शुभकामनाओं में सियासत: नए साल के लिए क्या-क्या बोले राहुल गांधी और खड़गे?

इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर (India Pakistan Border Plan)

डीजीपी ने बताया कि राज्य सरकार ने अगले तीन सालों के लिए 426 करोड़ रुपये के मेगा पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है. इसके तहत मोहाली में साइबर क्राइम डिवीजन का नया मुख्यालय बनेगा. लुधियाना, फिरोजपुर और जालंधर में नए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ऑफिस खुलेंगे. नवांशहर और मलेरकोटला में नई पुलिस लाइनें और 11 नए थाने बनाए जाएंगे. थानों की इंटरनेट कनेक्टिविटी स्पीड को 50 एमबीपीएस से बढ़ाकर 100 एमबीपीएस किया जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read