Punjab Congress Crisis: पंजाब में अगले साल होने वाले चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के बीच वर्चस्व की जंग तेज हो गई है. इसी सिलसिले में शनिवार यानी 11 जुलाई को चन्नी अपने गुट के करीब 15 नेताओं के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल से मिलने पहुंचे. इस बैठक में चन्नी गुट ने एक सुर में राजा वडिंग को उनके पद से हटाने की मांग आलाकमान के सामने रख दी.
समझौता करने वाला नेता नहीं चाहिए: रंधावा
बैठक के दौरान पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने सभी नेताओं से बाकायदा हाथ खड़े करवाकर उनकी राय जाननी चाही कि क्या वे वाकई राजा वडिंग को हटाना चाहते हैं? इस पर वहां मौजूद सभी नेताओं ने हाथ उठाकर चन्नी के सुर में सुर मिलाया.
मीटिंग के बाद कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, ‘हमने कार्यकर्ताओं की असली भावनाएं प्रभारी भूपेश बघेल के सामने रख दी हैं. पंजाब को ऐसा नेता चाहिए जो सरकार की आंखों में आंखें डालकर ठोककर बात कर सके, न कि वो जो सरकार के साथ अंदरूनी समझौता कर ले. अगर पार्टी को पंजाब में दोबारा सरकार बनानी है, तो कई बार पुराने फैसलों को बदलना पड़ता है.’
भूपेश बघेल अगले हफ्ते दिल्ली में सौंपेंगे रिपोर्ट
चन्नी गुट की इन तीखी शिकायतों के बाद पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में संतुलन बनाने की कोशिश की. बघेल ने कहा, ‘सभी नेताओं ने अपनी बात रखी है. कुछ नेताओं ने जरूर प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अपनी राय दी है, जिसे मैं पार्टी नेतृत्व के सामने रखूंगा.
उन्होंने आगे कहा कि बतौर प्रभारी मैं सबको भरोसा दिलाता हूं कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा. बघेल ने ये भी कहा कि जो भी नेता चुनाव जीतने के काबिल होगा, उसे ही टिकट दिया जाएगा.’
बता दें कि बघेल अगले हफ्ते दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे.
पार्टी का अंदरूनी मामला: परगट सिंह
दूसरी ओर, कांग्रेस के विधायक परगट सिंह ने इस कलह पर पर्दा डालते हुए कहा कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है. उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव से पहले सभी मनमुटाव सुलझा लिए जाएंगे और पूरी पार्टी एकजुट होकर मैदान में उतरेगी. अब देखना होगा कि इस सियासी खींचतान पर दिल्ली से क्या फैसला आता है.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के विपक्ष के नेता क्रिस हिपकिंस से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों और व्यापार पर हुई अहम चर्चा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




