Bihar Politics:आशुतोष कुमार/पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भवन निर्माण विभाग के कड़े रुख के बाद अब लालू-राबड़ी परिवार के वर्तमान आवास (10 सर्कुलर रोड) को खाली करने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है (Lalu Yadav Shifting).
सीसीटीवी और केबल हटाने का काम जारी
ताजा जानकारी के मुताबिक, 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले से सीसीटीवी कैमरे और इंटरनेट के केबल हटाने का काम लगातार जारी है. सूत्रों की मानें तो रविवार या सोमवार तक लालू-राबड़ी परिवार इस आवास को पूरी तरह खाली कर सकता है. चर्चा यह भी है कि यह परिवार अस्थाई रूप से कौटिल्य नगर स्थित आवास में भी शिफ्ट हो सकता है.
29 जून का मिला है अंतिम अल्टीमेटम (Rabri Devi Bungalow Vacated)
सरकार और राबड़ी देवी के बीच घर को लेकर लंबे समय से चल रही बहस के बाद विभाग ने सख्त रवैया अपनाया है. राबड़ी देवी को यह बंगला खाली करने के लिए सिर्फ 7 दिनों की मोहलत देते हुए 29 जून की आखिरी तारीख तय की गई है.
विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर बंगला खाली नहीं हुआ, तो नियमों के तहत प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले भी उन्हें कई बार नोटिस और रिमाइंडर भेजे जा चुके हैं. यह बंगला अब नीतीश सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है.
नए आवास में तैयारियां तेज, बदला सियासी रंग
दूसरी ओर, राबड़ी देवी को आवंटित हुए नए सरकारी घर (39 हार्डिंग रोड) में जाने की तैयारियां भी युद्धस्तर पर चल रही हैं. राबड़ी देवी ने शिफ्टिंग के लिए सरकार से एक महीने का समय मांगा था, जिसकी अवधि अब खत्म होने वाली है. यह नया बंगला उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आवास के पास ही स्थित है.
इस नए बंगले के लुक में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू यादव के परिवार की पसंद के मुताबिक पूरे बंगले का रंग-रूप बदल दिया गया है.
- भगवा से हुआ हरा-सफेद: इस बंगले पर पहले भगवा (केसरिया) रंग लगा हुआ था, जिसे अब पूरी तरह हटाकर आरजेडी के प्रतीक रंग यानी सफेद और हरे रंग से रंगा जा रहा है.
- मुख्य गेट का बदला रंग: बंगले का मुख्य गेट जो पहले भगवा था, उसे भी अब आरजेडी के रंग में यानी पूरी तरह हरा कर दिया गया है. चूंकि आरजेडी का चुनावी सिंबल लालटेन है और पार्टी के गमछे का रंग भी हरा है, इसलिए दीवारों और गेट पर यह सियासी रंग चढ़ाया गया है.
लालू यादव की सेहत का हवाला देकर की विशेष कमरे की मांग
नए बंगले में पूरी तरह शिफ्ट होने से पहले राबड़ी देवी ने सरकार से कुछ अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने की मांग की है. उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की नाजुक सेहत का हवाला देते हुए सरकार को एक पत्र लिखा है. पत्र में कहा गया है कि डॉक्टरों ने गंभीर संक्रमण (इन्फेक्शन) के खतरे को देखते हुए लालू यादव को बिल्कुल अलग और सुरक्षित माहौल में रखने की सलाह दी है. इसी वजह से उन्होंने नए आवास में एक विशेष (आइसोलेटेड) कमरे की व्यवस्था करने की मांग सरकार से की है (RJD Green Paint Bungalow).
यह भी पढ़ें: वेनेजुएला के भूकंप का असर भारत तक! 14 हजार किमी दूर आई आपदा से महंगे होंगे पेट्रोल-डीजल?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

