Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

“राहुल और प्रियंका ने भी नहीं सुनी व्यथा”, असम युवा कांग्रेस की अध्यक्ष अंकिता दत्ता ने श्रीनिवास बी.वी. पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

भाजपा ने कहा कि श्रीनिवास के खिलाफ लगाया गया आरोप बहुत गंभीर है तथा इसकी पूरी जांच करने के बजाय कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जा रही है.

President Ankita Dutta

अध्यक्ष अंकिता दत्ता (फोटो- सोशल मीडिया)

भारतीय युवा कांग्रेस की असम इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता ने अपने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. पर ‘उत्पीड़न’ का आरोप लगाया है. हालांकि, श्रीनिवास ने आरोप को खारिज करते हुए उन्हें आपराधिक मानहानि का नोटिस भेजा है.

अंकिता दत्ता का आरोप है कि श्रीनिवास उनका पिछले छह महीनों से मानसिक उत्पीड़न और लैंगिक आधार पर उनसे भेदभाव कर रहे हैं. उन्होंने श्रीनिवास पर उन्हें लगातार प्रताड़ित करने और ‘लैंगिक आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया.’’

दत्ता ने सिलसिवार तरीके से किए ट्वीट में कहा, ‘‘ राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी के समक्ष कई बार व्यथा सुनाने के बावजूद (पार्टी) नेतृत्व उसे अनसुना करता रहा.’’ उन्होंने दावा किया कि शिकायत किए जाने के बावजूद श्रीनिवास के खिलाफ कोई जांच समिति गठित नहीं की गई. दत्ता ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘क्या यह सुरक्षित स्थान है जिसके बारे में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बात करती हैं.’’

हालांकि, युवा कांग्रेस की असम इकाई की अध्यक्ष दत्ता ने अपने दावे के समर्थन में किसी विशेष घटना का उल्लेख नहीं किया है. वहीं, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास ने अंकिता के आरोपों को बकवास, राजनीति से प्रेरित और आधारहीन करार दिया है तथा उन्हें मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है. युवा कांग्रेस के विधि प्रकोष्ठ के माध्यम से भेजे नोटिस में उन्होंने दावा किया है अंकिता के खिलाफ शारदा चिटफंड के मामले में कानूनी कार्रवाई हो रही है और हाल ही उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात की थी.

श्रीनिवास बोले- पार्टी छोड़ने के लिए बना रही माहौल

श्रीनिवास का दावा है कि इस तरह के आरोप लगाकर अंकिता पार्टी छोड़ने के लिए माहौल बना रही हैं. युवा कांग्रेस के संगठन सचिव और असम प्रभारी वर्धन यादव ने कहा, ‘‘ये आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं.’’ उन्होंने  दावा किया, ‘‘अंकिता के खिलाफ शारदा चिटफंड मामले में कार्रवाई हो रही है और वह भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रही हैं. वह भाजपा के दबाव में इस तरह के आरोप लगा रही हैं.’’

श्रीनिवास के खिलाफ आरोप बहुत गंभीर

इस बीच, भाजपा ने कहा कि श्रीनिवास के खिलाफ लगाया गया आरोप बहुत गंभीर है तथा इसकी पूरी जांच करने के बजाय कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जा रही है. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘यह कितना दुखद है कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली पार्टी पूरी तरह चुप है. प्रियंका गांधी और राहुल गांधी कहां हैं?’’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital