Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘राहुल गांधी देश विरोधी ‘टूलकिट’ का हिस्सा’, जेपी नड्डा ने कहा- माफी मांगनी ही होगी

JP Nadda on Rahul Gandhi: नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में 19 महीने के लिए आपातकाल लागू कर दिया था और बिना किसी कारण के लगभग डेढ़ लाख निर्दोष लोगों को जेल में डाल दिया था.

JP Nadda in Ghazipur

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (फोटो-@BJP4India)

JP Nadda: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लंदन दौरे पर दिए गए बयान के बाद देश में सियासत गरमाई हुई है. इस मुद्दे को लेकर संसद में जोरदार हंगामा हुआ है और दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई है. सरकार के मंत्री और बीजेपी के तमाम सांसद राहुल गांधी से मांग कर रहे हैं कि वे अपने बयानों के लिए माफी मांगें. लेकिन कांग्रेस नेता ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता है कि उन्होंने कुछ भी गलत कहा है. वहीं इस मुद्दे को लेकर भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि वह भारत के खिलाफ काम करने वाले उस ‘टूलकिट का स्थायी हिस्सा’ बन गए हैं, जो भारत में ‘‘कमजोर और गठबंधन की मजबूर सरकार’’ चाहता है ताकि उसका फायदा उठाया जा सके. जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर अरबपति फाइनेंसर जॉर्ज सोरोस की भाषा बोलने का आरोप भी लगाया और दावा किया कि कांग्रेस और तथाकथित वाम उदारवादी देश के खिलाफ विदेशी ताकतों की गहरी साजिश का हिस्सा बन गए हैं. उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र विरोधी’ कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.

राहुल गांधी को माफी मांगनी ही होगी- नड्डा

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को देश के आंतरिक मामलों में विदेशी शक्तियों के हस्तक्षेप की मांग करने के अपने ‘पाप’ के लिए भारत के लोगों से माफी मांगनी ही होगी. उन्होंने कहा कि भारत में अमेरिका और यूरोप के हस्तक्षेप की मांग करने और यह दावा करने से ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता कि देश में अब लोकतंत्र नहीं है. नड्डा ने कहा कि अगर यह देश के खिलाफ साजिश नहीं है तो और क्या है.

जेपी नड्डा ने कहा, ‘‘अब यह स्पष्ट है कि मणिशंकर अय्यर का प्रधानमंत्री मोदी को हटाने के लिए पाकिस्तान की मदद का अनुरोध और मोदी को हटाने के लिए सलमान खुर्शीद की विदेशी मदद की मांग उनके निजी विचार नहीं थे, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व की मंशा थी.’’

ये भी पढ़ें: रावण ज्यादा बड़े कर्मकांडी थे, श्रीराम काल्पनिक- जीतन राम मांझी ने दिया विवाादित बयान

भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर भारत के लोकतंत्र को नहीं समझने और नागरिकों पर विश्वास नहीं करने का आरोप लगाया. पूर्व पीएम इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लगाए जाने का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि अगर राहुल गांधी ने स्वतंत्र भारत के लोकतांत्रिक इतिहास को ठीक से पढ़ा होता तो उन्हें पता चल जाता कि देश के लोकतंत्र की हत्या किसने की और किसने इसकी रक्षा की.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में 19 महीने के लिए आपातकाल लागू कर दिया था और बिना किसी कारण के लगभग डेढ़ लाख निर्दोष लोगों को जेल में डाल दिया था. नड्डा ने कहा कि विश्व के नेता पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना कर रहे हैं जबकि राहुल भारत को ‘‘बदनाम कर रहे हैं और नीचा’’ दिखा रहे हैं.

कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए जेपी नड्डा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी कहते हैं कि भारत एक राष्ट्र नहीं है बल्कि राज्यों का संघ है. मेरे पास उस व्यक्ति की सोच पर अपनी निराशा व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं जो भारत को एक राष्ट्र नहीं मानता है. भारत लोकतंत्र की जननी है.

कांग्रेस ने कहा- राहुल नहीं मांगेंगे माफी

वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर कहा कि गांधी माफी नहीं मांगेंगे. राहुल ने संसद के दोनों सदनों में सत्तारूढ़ दल के सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए लोकसभा में अपनी बात रखने की अनुमति मांगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital