Bharat Express DD Free Dish

मोदी सरकार ने रेलवे और मेट्रो की क्षमता व सुरक्षा बढ़ाने के लिए 895 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी

रेल मंत्रालय ने मेट्रो रेल सिस्टम को मजबूत करने और रेलवे पुलों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कुल 895.30 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है.

PM Modi shares inspiring Sanskrit Shlok Calls citizens the biggest strength of the Nation

मोदी सरकार ने मेट्रो रेल सिस्टम को मजबूत करने और रेलवे पुलों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 895.30 करोड़ रुपए के इंफ्रास्ट्रक्चर और क्षमता बढ़ाने वाले प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है. रेल मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी.

सरकार के अनुसार, कुल राशि में से 671.72 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट कोलकाता मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर की पावर सप्लाई सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए मंजूर किए गए हैं. इन कार्यों में 291.06 करोड़ रुपए की लागत से सात नए ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जाएंगे, साथ ही एस्प्लेनेड से कवी सुभाष के बीच मौजूदा सबस्टेशनों का विस्तार और अपग्रेड किया जाएगा.

इसके अलावा, कुछ ऊंचे (एलीवेटेड) सेक्शन में बिजली सिस्टम को 11 केवी से बढ़ाकर 33 केवी किया जाएगा.

1980 के दशक में निर्मित कोलकाता मेट्रो को उस समय इस तरह डिजाइन किया गया था कि ट्रेनें लगभग 5 मिनट के अंतराल पर चल सकें. मंत्रालय ने कहा कि इन अपग्रेड के बाद ट्रेनें अब सिर्फ 2.5 मिनट के अंतराल पर चल सकेंगी, जिससे यात्रियों की संख्या और सेवा दोनों में काफी सुधार होगा.

पुरानी नींव और ढांचे को पुनर्निर्मित किया जाएगा

इसके अलावा, 223.58 करोड़ रुपए का एक और प्रोजेक्ट दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिवीजन में पुलों को मजबूत करने के लिए मंजूर किया गया है. इसमें मधुकुंडा और दामोदर के बीच ‘ब्रिज नंबर 520’ के दोनों ट्रैकों पर नई संरचना का निर्माण और ट्रैक से जुड़े अन्य काम शामिल हैं.

सरकार के अनुसार, मौजूदा दामोदर पुल का निर्माण क्रमशः डाउनलाइन के लिए 1903 और अपलाइन के लिए 1965 में किया गया था, जो काफी पुराना हो चुका है, इसलिए इसकी नींव और ढांचे को फिर से बनाने की जरूरत है.

रेलवे आधुनिकीकरण की दिशा में सरकार का बड़ा कदम

यह रेल सेक्शन आसनसोल और टाटानगर को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण माल ढुलाई मार्ग है, जहां कोयले का भारी ट्रैफिक रहता है. इस प्रोजेक्ट से सुरक्षा, भरोसेमंद संचालन और कार्यक्षमता में सुधार होगा, साथ ही दुर्गापुर-आसनसोल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

केंद्र सरकार ने कहा कि ये प्रोजेक्ट्स रेलवे के आधुनिकीकरण, बेहतर सुरक्षा और बढ़ती परिवहन मांग को पूरा करने की दिशा में उठाए गए बड़े कदमों का हिस्सा हैं.

ये भी पढ़ें: AAP से बगावत पड़ी भारी! संदीप पाठक पर गिरफ्तारी की तलवार, दिल्ली पहुंची पंजाब पुलिस

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read