Bharat Express DD Free Dish

रेलवे के नए नियम: बिना OTP अब नहीं मिलेगा टिकट, दलालों पर लगेगी रोक

Indian Railways OTP Verification: भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव किया है. अब काउंटर से मिलने वाले तत्काल टिकट केवल OTP वेरिफिकेशन के बाद ही जारी होंगे. पूरी प्रक्रिया जानें.

Indian Railways OTP Verification: भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा और टिकटिंग सिस्टम को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार बदलाव कर रहा है. अब रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा कदम उठाया है. आने वाले दिनों में काउंटर से मिलने वाले तत्काल टिकट सिर्फ OTP वेरिफिकेशन के बाद ही जारी होंगे. अब बिना OTP बताए टिकट मिलना नामुमकिन हो जाएगा.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, तत्काल टिकटों में सबसे बड़ी समस्या हमेशा से दलाली और गलत बुकिंग रही है. कई बार फर्जी मोबाइल नंबर और एजेंटों की मिलीभगत से टिकट बुक कराए जाते थे. रेलवे का मानना है कि OTP-बेस्ड सिस्टम इस गड़बड़ी को रोक देगा और टिकट सिर्फ असली यात्रियों को ही मिलेगा. इससे बुकिंग प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी और यात्रियों का भरोसा भी बढ़ेगा.

कब शुरू हुआ था मॉडल?

रेलवे ने पहले ऑनलाइन टिकटिंग में यह मॉडल लागू किया था. जुलाई 2025 में तत्काल टिकटों के लिए आधार-बेस्ड ऑथेंटिकेशन शुरू हुआ और अक्टूबर 2025 से सभी रिजर्वेशन में OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया. यात्रियों ने इसे आसानी से अपनाया और रेलवे को भी टिकटिंग सिस्टम में पारदर्शिता मिली.

काउंटर टिकट पर भी लागू

अब यही नियम काउंटर टिकटों पर भी लागू किया जा रहा है. 17 नवंबर 2025 से रेलवे ने पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है. शुरुआत में कुछ ट्रेनों में इसे लागू किया गया है और अब 52 ट्रेनों तक बढ़ा दिया गया है. प्रक्रिया के तहत जब कोई यात्री काउंटर पर तत्काल टिकट लेगा तो उसके मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा. सही OTP बताने पर ही टिकट कन्फर्म होगा. गलत नंबर या गलत OTP होने पर टिकट जारी नहीं होगा.

ये भी पढ़ें-दिल्ली MCD उपचुनाव नतीजे: बीजेपी को 2 सीटों का नुकसान, AAP और कांग्रेस का कैसा है हाल?

रेलवे की योजना है कि जल्द ही यह सिस्टम देशभर की सभी ट्रेनों में लागू कर दिया जाए. इससे टिकटों की दलाली खत्म होगी, फर्जी आईडी और गलत नंबर का खेल बंद होगा और यात्रियों को भरोसा रहेगा कि उनका टिकट सही तरीके से बुक हुआ है. रेलवे का यह कदम टिकटिंग सिस्टम को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read