Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

मिर्जापुर के राज मिश्रा बने ब्रिटेन के वेल्लिंगबरो के मेयर, पूरे गांव में जश्न का माहौल

मिर्जापुर के भाटेहरा गांव के राज मिश्रा इंग्लैंड के वेल्लिंगबरो के मेयर बन गए हैं. उनकी इस सफलता से गांव में जश्न का माहौल है.

Raj Mishra

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के भाटेहरा गांव से ताल्लुक रखने वाले राज मिश्रा ने इंग्लैंड में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. 37 वर्षीय राज मिश्रा को नॉर्थ नॉर्थहैम्पटनशर के वेल्लिंगबरो टाउन का नया मेयर चुना गया है. खास बात यह है कि वेल्लिंगबरो की कुल आबादी करीब 56 हजार है, जिसमें भारतीय मूल के लोगों की हिस्सेदारी केवल 1% है.

राज की इस कामयाबी से उनके गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है. उनके पिता मुन्ना लाल मिश्रा, जो पेशे से किसान हैं, बेटे की इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे.

छह साल पहले पहुंचे थे लंदन, अब संभालेंगे मेयर की जिम्मेदारी

राज मिश्रा करीब छह साल पहले उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड गए थे. उन्होंने लंदन में एडवांस्ड कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय और बैंकिंग सेक्टर में भी काम किया. यहीं रहते हुए उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता ली और स्थानीय राजनीति से जुड़ गए.

राज ने प्रतापगढ़ की रहने वाली एक इंजीनियर अभिषेकता से विवाह किया. फरवरी 2024 में उन्होंने टाउन काउंसिल के पार्षद चुनाव में हिस्सा लेने का निर्णय लिया और मार्च में कंजरवेटिव पार्टी से जुड़ गए. कड़ी मेहनत और जनसंपर्क के दम पर वे चुनाव जीते और 13 मई 2024 को उन्हें वेल्लिंगबरो का पांचवां मेयर चुना गया.

पिता ने बताया पढ़ाई को दी प्राथमिकता, अब मिल रहा फल

राज के पिता मुन्ना लाल मिश्रा ने बताया कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा, “हमारे पास अधिक साधन नहीं थे, लेकिन मैंने तय किया था कि सभी बच्चों को पढ़ाऊंगा. आज हमारे परिवार में दो डॉक्टर, दो वकील, एक प्रिंसिपल, एक कृषि वैज्ञानिक हैं और अब एक बेटा इंग्लैंड में मेयर बन गया है. इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है?”

राज मिश्रा ने कहा, “जब मैं लंदन आया तो यहां की राजनीति और संस्कृति मेरे लिए नई थी. शुरुआत में दिक्कतें आईं, लेकिन मैंने हार नहीं मानी. आज मुझे वेल्लिंगबरो के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला है, इससे ज्यादा सम्मान की बात और क्या हो सकती है?”

ये भी पढ़ें- कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान देने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह मामले में 19 मई को होगी सुनवाई

गौरतलब है कि वेल्लिंगबरो टाउन काउंसिल में हर साल निर्वाचित पार्षदों में से एक को मेयर चुना जाता है. राज से पहले लोरा लॉमैन, जॉन एकिंस, वैलेरी एन्सलो और जॉन-पॉल कैर इस पद पर रह चुके हैं.

राज की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा गांव गौरवान्वित महसूस कर रहा है. गांव में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और हर कोई “हमारे गांव का बेटा विदेश में मेयर बन गया” कहते हुए गर्व कर रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital