गुल्लू की शादी का खुलासा
Bigg Boss 20 का घर इन दिनों ड्रामे और हंगामे का पूरा अखाड़ा बना हुआ है. शो का ताजा एपिसोड एक बार फिर तीखी नोकझोंक, अपनों की गद्दारी और रिश्तों के बड़े खुलासे के नाम रहा. घर में तनातनी का आलम यह है कि छोटी-छोटी बातें भी अब बड़े झगड़ों में तब्दील हो रही हैं.
यंग और अमन की लड़ाई ने पकड़ा जोर
एपिसोड की शुरुआत ही यंग और अमन के बीच चल रही कलह से होती है, जो थमने का नाम नहीं ले रही. बाकी घरवाले भी अब इन दोनों के बीच सुलह कराने की कोई खास कोशिश नहीं कर रहे, जिससे उनका झगड़ा और खिंचता चला जा रहा है. यंग इस बात से बुरी तरह आहत हैं कि अमन ने उनकी एक लाइफलाइन छीन ली है. वहीं, जब गुल्लू से इस बारे में पूछा गया, तो उनका रवैया काफी बेफिक्र नजर आया. उन्होंने माना कि उन्होंने आग में घी जरूर डाला है, लेकिन उन्हें इस बात का कोई मलाल नहीं है. इस बीच स्काउट यंग को समझाते हुए दिखे.
गुल्लू की शादी का चौंकाने वाला खुलासा
दिन के हल्के-फुल्के पलों में घर का माहौल तब बदला जब गुल्लू ने काजी के साथ बातचीत में अपनी पर्सनल लाइफ का एक बहुत बड़ा सच शेयर किया. गुल्लू ने बताया कि वह पहले शादीशुदा थे और उनकी शादी करीब पांच साल तक चली थी, लेकिन अब उनका तलाक हो चुका है. उन्होंने यह भी खुलकर बात की कि इन उतार-चढ़ाव के बाद आज उनके घरवाले उन पर गर्व महसूस करते हैं. दूसरी तरफ, यंग ईशा से यह पूछते नजर आए कि किसी स्टार से शादी करने के बाद लाइफस्टाइल कैसी होती है और खुद को कैसे संभाला जाता है.
#Gullu ne #Qazi se share kiya apni shaadi ka secret!
Dekhiye #BiggBoss20 ka naya episode, har roz raat 9 baje #JioHotstar par aur 10:30 baje #ColorsTV par.#BiggBoss20 #BiggBossOnJioHotstar pic.twitter.com/Rq1Ohv5Aon
— JioHotstar Reality (@HotstarReality) September 22, 2026
ग्रुपिज़्म और पीठ पीछे की बातें
झगड़े के बाद अमन और उनके ग्रुप का जश्न मनाना दूसरे ग्रुप को नागवार गुजरा. आसिफ, यंग और आम्रपाली इस बात पर चर्चा करते नजर आए कि अमन का रवैया हमेशा से ऐसा ही रहा है. माहौल तब और दिलचस्प हो गया जब लव ने बाहर आकर आम्रपाली को बताया कि गुल्लू उनके बारे में क्या-क्या बातें कर रहे हैं. हालांकि, आम्रपाली ने समझदारी दिखाते हुए लव को तुरंत रोक दिया और सलाह दी कि वे दूसरे ग्रुप के लोगों से दूर रहें और उनसे बात न करें.
ये भी पढ़ें- बड़े स्टार्स की फिल्मों पर भारी पड़ी ‘हनुमान अंश’! 46वें दिन भी जारी है कमाई, ₹352 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन
राशन टास्क बना घमासान
शाम होते ही घर में हफ्ते के राशन टास्क का ऐलान हुआ, जिसने सारा माहौल पलट कर रख दिया. बिग बॉस ने निर्देश दिया कि दीवार की खिड़कियों को भरना है और जिन कंटेस्टेंट्स की दोनों लाइफलाइन बची हैं, उन्हें घर में उनके योगदान के आधार पर एक-दूसरे को रैंक करना होगा. कनिका को इस टास्क का संचालक बनाया गया, जिन्हें यह अधिकार भी मिला कि वे जरूरत पड़ने पर रैंकिंग बदल सकती हैं.
जैसे ही रैंकिंग का दौर शुरू हुआ, बात बिगड़ गई. अमन और लव अपनी रैंकिंग को लेकर आमने-सामने आ गए. लव 7वें नंबर पर जाने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे, जिसके चलते बहस बढ़ती चली गई. देखते ही देखते यह लड़ाई अरिश्फा तक जा पहुंची और लव के साथ उनकी भी तीखी कहा-सुनी हो गई. दोनों के अड़ियल रवैये की वजह से राशन टास्क बीच में ही अटक गया. अंत में कनिका ने अपने फैसले से जैसे-जैसे रैंकिंग तय की, तब जाकर मामला शांत हुआ, लेकिन इसका खमियाजा यह भुगतना पड़ा कि घरवालों को उनके हिस्से का सिर्फ 60 प्रतिशत राशन ही मिल पाया.
इमोशनल हुई ईशा
दिन के अंत में शो का रुख थोड़ा इमोशनल हो गया. ईशा कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोती नजर आईं और उन्होंने बताया कि वह अब भी अपने पुराने ट्रॉमा से बाहर नहीं आ पा रही हैं. ईशा को रोता देख आम्रपाली भी खुद को रोक नहीं पाईं और भावुक हो गईं. हालांकि रात होते-होते घर में राशन पहुंच गया जिसे देख सभी के चेहरे पर थोड़ी राहत और खुशी लौट आई. इसके साथ ही, काजी के लिए एक अच्छी खबर आई और उन्हें ‘बेस्ट फैशन आइकन’ का वाउचर मिला.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

