Bharat Express DD Free Dish

राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी का दबदबा, कांग्रेस पीछे, बारां में AAP का पहला बोर्ड

Rajasthan Municipal Election Results: राजस्थान निकाय चुनावों में बीजेपी ने 199 बोर्डों पर जीत हासिल कर कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है. कांग्रेस को 94 बोर्ड मिले हैं.

BJP Dominates Rajasthan Civic Elections

निकाय चुनाव में बीजेपी का दबदबा

Rajasthan Municipal Election Results: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. प्रदेश के 309 निकायों में से 301 पर चेयरपर्सन का फैसला हो गया है. ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी ने 199 निकायों में बोर्ड बना लिया है, जबकि कांग्रेस 94 पर है. यानी दोनों दलों के बीच 105 बोर्ड का अंतर है. अब केवल 8 निकायों के नतीजे बाकी हैं.

बीजेपी का बड़ा आंकड़ा

बीजेपी 199 बोर्ड के साथ दोहरे शतक के करीब पहुंच गई है. पार्टी ने 6 नगर निगम, 31 नगर परिषद और 162 नगर पालिकाओं में जीत दर्ज की है. कांग्रेस को 1 नगर निगम, 13 नगर परिषद और 80 नगर पालिकाओं में सफलता मिली है. इसके अलावा 8 निकायों में अन्य दलों या निर्दलीयों ने बोर्ड बनाया है.

मेयर चुनाव ने बदली तस्वीर

अब तक 7 नगर निगमों में मेयर चुने जा चुके हैं. इनमें से 6 पर बीजेपी का कब्जा हुआ है, जबकि कांग्रेस को बीकानेर में एक मेयर पद मिला है. अजमेर, उदयपुर, अलवर, पाली, भरतपुर और भीलवाड़ा में बीजेपी ने मेयर पद हासिल किया.

वार्ड नतीजों से अलग समीकरण

मेयर चुनाव में वार्ड नतीजे हमेशा निर्णायक नहीं होते. अजमेर में कांग्रेस के पास 37 पार्षद थे और बीजेपी के पास 32, फिर भी बीजेपी की अनामिका शर्मा मेयर बनीं. उन्हें निर्दलीयों का समर्थन मिला और 43 वोट हासिल हुए. पाली और अलवर में भी इसी तरह कांग्रेस के पास ज्यादा पार्षद थे, लेकिन मेयर पद बीजेपी के खाते में गया.

नगर पालिकाओं में बीजेपी का दबदबा

राजस्थान की 252 नगर पालिकाओं में से 248 के नतीजे घोषित हो चुके हैं. इनमें बीजेपी ने 162 नगर पालिकाओं में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 80 पर सफलता मिली. 6 जगह अन्य दलों या निर्दलीयों ने चेयरपर्सन पद हासिल किया. 4 नगर पालिकाओं का फैसला अभी बाकी है.

नगर परिषदों में भी बढ़त

47 नगर परिषदों में से 46 के नतीजे आ चुके हैं. बीजेपी ने 31 परिषदों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 13 पर रही. दो परिषदों में अन्य दलों या निर्दलीयों ने जीत हासिल की है. एक परिषद का नतीजा अभी आना बाकी है.

बारां में AAP का पहला बोर्ड

इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. बारां नगर परिषद में AAP की शीतल राठौड़ सभापति चुनी गईं. यह राजस्थान में AAP का पहला नगर परिषद बोर्ड है. कई जगह निर्दलीयों की भूमिका भी अहम रही, जहां उनके समर्थन ने बोर्ड की दिशा बदल दी.

जयपुर, जोधपुर और कोटा पर नजर

राजस्थान के 10 नगर निगमों में से 3 का फैसला अभी बाकी है. जयपुर, जोधपुर और कोटा में मेयर चुनाव 25 सितंबर को होंगे. इन जगहों पर दोबारा मतदान वाले वार्डों की वजह से कार्यक्रम आगे बढ़ा है.

ये भी पढ़ें-शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के पिता से मिले पीएम मोदी, ब्रज क्षेत्र पर लिखी गई उनकी पुस्तक को खुद किया स्वीकार

मौजूदा नतीजों से साफ है कि बीजेपी ने कांग्रेस पर बड़ी बढ़त बना ली है लेकिन अभी 8 निकायों का फैसला बाकी है, जिनमें 3 नगर निगम, 1 नगर परिषद और 4 नगर पालिकाएं शामिल हैं. इन नतीजों के बाद ही राजस्थान की शहरी राजनीति की पूरी तस्वीर सामने आएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read