Bharat Express DD Free Dish

कांवड़ मार्ग पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं! राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने जारी की सुरक्षा SOP

राजस्थान पुलिस ने कांवड़ यात्रा-2026 के लिए सख्त SOP जारी की है. हथियार, नशा, तेज डीजे और बिना अनुमति वाहनों पर रोक रहेगी. कांवड़ियों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है.

Rajasthan Police Issues Strict Guidelines For Kanwar Yatra 2026

Kanwar Yatra 2026: पूजा जोशी/जयपुर: कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए राजस्थान पुलिस ने कमर कस ली है. पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सभी जिलों के लिए सख्त और विस्तृत दिशा-निर्देश (SOP) जारी किए हैं.

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर एडीजी (कानून-व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को कांवड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं.

श्रद्धालुओं के लिए क्या हैं कड़े नियम?

पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई चीजों पर पूरी तरह रोक रहेगी:

  • हथियार और नुकीली चीजें बैन: कांवड़िया अपने साथ हॉकी, डंडे, त्रिशूल, तलवार, बेसबॉल बैट या कोई भी नुकीली वस्तु नहीं ले जा सकेंगे.
  • तेज आवाज और नशा प्रतिबंधित: तय सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने, उकसाने वाले धार्मिक नारे लगाने और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन पर पूरी पाबंदी होगी. वाहनों में एलपीजी सिलेंडर ले जाने की भी अनुमति नहीं मिलेगी.
  • पहचान पत्र जरूरी: सभी यात्रियों को अपने पास वैध पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा.

यातायात और मार्गों को लेकर हिदायत

  • कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन द्वारा तय किए गए रास्तों से ही निकाली जाएगी.
  • ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना सख्त मना है.
  • ट्रेन, बस या ट्रक की छतों पर बैठकर सफर करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
  • यातायात बाधित करने वाली बहुत बड़े आकार की कांवड़ या झांकियों को अनुमति नहीं दी जाएगी.

पुलिस की तैयारी और अपील

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और पड़ोसी राज्यों के साथ तालमेल बिठाकर गश्त बढ़ाई जाएगी.

राजस्थान पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सुरक्षित यात्रा के लिए इन नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें.

ये भी पढ़ें: क्या संसद परिसर में नौटंकी और हंगामा करने पर सांसदों को कर सकते हैं बर्खास्त? जानिए नियम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read