मनजीत सिंह, श्रीगंगानगर
Raisinghnagar Police Action: श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में रंगदारी और अवैध वसूली के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 91 लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की है. साथ ही चार नए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पूरी कार्रवाई एएसपी भंवरलाल के नेतृत्व में की गई.
पूछताछ में सामने आए नाम
पुलिस ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई नए नाम सामने आए. इसके बाद जयमल और जयपाल (निवासी 32 पीएस सांवतसर), मनीष और घनश्याम (सूरतगढ़), बलविंद्र उर्फ विनोद (निवासी 44 आरबी), मनीष शर्मा उर्फ मानविन्द्र (निवासी महादेववाली, हाल निवासी छतरगढ़) और साहिल (निवासी कुम्हारावाली) को गिरफ्तार किया गया.
जांच में क्या सामने आया?
जांच में सामने आया कि साहिल उर्फ शन्टी और अक्षय, आरजू बिश्नोई और लोरेन्स गैंग के लिए काम करते थे. ये लोग लोगों को जान से मारने की धमकी देकर फिरौती वसूलते थे. वसूली गई रकम मनीष बिश्नोई के जरिए कुलदीप कुमार और उसके बेटे योगेश तक पहुंचाई जाती थी. इसके बाद यह पैसा गैंग के गुर्गों तक ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से भेजा जाता था ताकि फरारी काटी जा सके और हथियार खरीदे जा सकें.
जब्त हुई फिरौती की रकम
पुलिस ने बताया कि बरामद की गई नकदी दरअसल आरजू बिश्नोई और साहिल उर्फ शन्टी द्वारा वसूली गई फिरौती की रकम है. आरोपी अलग-अलग तरीकों से सहयोग कर एक संगठित आपराधिक गैंग बनाकर लोगों को धमकाते और रंगदारी वसूलते थे.
ये भी पढ़ें-तमिलनाडु के त्रिशूर रेलवे स्टेशन पार्किंग में भीषण आग, 200 से ज्यादा गाड़ियां जलकर खाक
आगे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों को 7 जनवरी तक रिमांड पर लिया गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

