Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 22 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

Lok Sabha Election 2024

आज की चुनावी सुर्खियां

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 22 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

बिना मतदान के जीत गया बीजेपी का उम्मीदवार

गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज हो गया था. इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपना नाम वापस ले लिया था. अन्य उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वापस लिए जाने के बाद सोमवार (22 अप्रैल) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मुकेश दलाल को इस सीट से निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

“कांग्रेस और सपा ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया” पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, “पिछली बार जब मैं अलीगढ़ आया था, तब मैंने आप सबसे अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्टरी में ताला लगा दीजिए. आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों को आज तक इसकी चाबी नहीं मिली है. अच्छे भविष्य, विकसित भारत की चाबी भी आपके ही पास है. पीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की और मुसलमानों के राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक उत्थान के लिए कभी कुछ नहीं किया.

मणिपुर के 11 बूथों पर आज हुई फिर से वोटिंग

मणिपुर के 11 बूथों पर आज फिर से वोटिंग हुई. यहां की दो लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को पहले चरण में वोटिंग हुई थी लेकिन हिंसा, आगजनी और बूथ कैप्चरिंग व गोलीबारी के चलते चुनाव आयोग ने यहां पर फिर से चुनाव कराने का निर्णय लिया था. फिलहाल आज शांतिपूर्ण ढंग से वोट पड़े.

हैदराबाद सीट से BJP उम्मीदवार माधवी लता पर FIR दर्ज

हैदराबाद लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. दरअसल, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. उन पर आरोप है कि उन्होंने मुस्लिम समुदाय की भावना को आहत पहुंचाया है. एफआईआर की कॉपी में इस बात का जिक्र है कि बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता ने एक जुलूस के दौरान एक धार्मिक स्थल पर काल्पनिक रूप से तीर चलाने का प्रयास किया. जिसके बाद माधवी लता पर एफआईआर दर्ज किया.

मोदी संविधान बदलने के लिए दो-तिहाई बहुमत की खातिर ‘400 पार’ का नारा लगा रहे हैं: खड़गे

कांग्रेस प्रमुख एम. मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव प्रचार के दौरान ‘400 पार’ का नारा इसलिए लगा रहे हैं ताकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत मिल सके जो संविधान बदलने के लिए जरूरी है.

स्टालिन ने ‘कांग्रेस आपकी संपत्ति घुसपैठियों को दे देगी’ बयान के लिए मोदी की आलोचना की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान में दिए उस बयान की आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘कांग्रेस आपकी संपत्ति घुसपैठियों को दे देगी’. स्टालिन ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आसन्न हार को सामने देखते हुए घृणा भाषण का सहारा ले रहे हैं.

विधायकों की बगावत हिमाचल प्रदेश में प्रमुख चुनावी मुद्दा होगा: सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सोमवार को कहा कि कांग्रेस राज्य में लोकतंत्र को बचाने के लिए चुनाव लड़ रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी के छह विधायकों का बगावत करना भी इस चुनाव में बड़ा मुद्दा होगा. कांग्रेस के छह बागी विधायक विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. कांग्रेस के छह बागियों और तीन निर्दलीय विधायकों ने 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के समर्थन में मतदान किया था.

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की ‘विभाजनकारी’ टिप्पणी के लिए कार्रवाई की मांग की

कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ठोस कार्रवाई करे, क्योंकि उन्होंने ‘विभाजनकारी एवं दुर्भावनापूर्ण’ बयान देकर आचार संहिता का स्पष्ट रूप से उल्लंघन किया है. पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी और 15 अन्य विषयों पर शिकायतें कीं.

लोकसभा चुनाव: शिअद ने की पांच और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में पांच और चंडीगढ़ के लिए एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की. पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को बठिंडा से मैदान में उतारा गया है. पार्टी ने मोहिंदर सिंह केपी को जालंधर संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा है. हरसिमरत कौर बादल बठिंडा सीट से तीन बार की सांसद हैं. पार्टी ने लुधियाना से पूर्व विधायक रणजीत सिंह ढिल्लों, होशियारपुर सीट से पूर्व मंत्री सोहन सिंह ठंडल और फिरोजपुर से नरदेव सिंह बॉबी मान को मैदान में उतारा है.

कांग्रेस ने बिहार के लिए पांच और पंजाब के लिए दो उम्मीदवारों की घोषणा की

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को सात और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जिनमें पांच उम्मीदवार बिहार के हैं. पार्टी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार के मुजफ्फरपुर से अजय निषाद को उम्मीदवार बनाया गया है. बिहार की महाराजगंज लोकसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र आकाश प्रसाद सिंह को टिकट दिया गया है. पश्चिमी चंपारण से मदन मोहन तिवारी, समस्तीपुर से सनी हजारी और सासाराम से मनोज कुमार को उम्मीदवार घोषित किया गया है. पार्टी ने पंजाब के होशियारपुर से यामिनी गोमर और फरीदकोट से अमरजीत कौर सहोके को उम्मीदवार बनाया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital