Bharat Express DD Free Dish

जंगल में घेराबंदी, पुलिस पर दागीं गोलियां! जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया सागर शराब कांड का मास्टरमाइंड

Sagar Toxic Liquor Case: मध्य प्रदेश के चर्चित सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने शनिवार तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की.

Sagar toxic liquor case Accused arrested in a encounter mp news

जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया सागर शराब कांड का मास्टरमाइंड

Sagar Toxic Liquor Case/अजय भटनागर: मध्य प्रदेश के चर्चित सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने शनिवार तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई. फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शनिवार सुबह बहरोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर शराब कांड का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में छिपा हुआ है. यह भी आशंका थी कि वह बंडा-बहरोल मार्ग के रास्ते अपने गांव छापरी की ओर भागने की कोशिश कर सकता है. सूचना मिलते ही सागर पुलिस अधीक्षक ने आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट करते हुए संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

पुलिस पर तीन राउंड की फायरिंग

इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. पुलिस का दावा है कि जैसे ही शिवांजय राजपूत ने खुद को घिरता देखा, उसने पुलिस दल पर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी. इसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया.

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है. पुलिस के अनुसार, शिवांजय राजपूत पहले से शराब तस्करी से जुड़े मामलों में आरोपी रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

सीएम मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई के दिये थे निर्देश

सागर जहरीली शराब कांड को लेकर राज्य सरकार पहले ही सख्त रुख अपना चुकी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. उन्होंने स्पष्ट कहा था कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें- ब्राह्मण सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष को मारा गया था थप्पड़, पार्टी ने 2 नेता समेत 17 कार्यकर्ताओं को निकाला

पुलिस का कहना है कि जहरीली शराब कांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक पूरे प्रकरण की जांच तेज गति से आगे बढ़ रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read