Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

सहारा ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का मुंबई में निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

सुब्रत रॉय सहारा का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था. वे भारत के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक थे.

सहारा ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय

सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय का मंगलवार (14 नवंबर) को निधन हो गया. वह 75 वर्ष के थे. सुब्रत रॉय का लंबे समय से मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था. ‘सहाराश्री’ के निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है. 

मुंबई में चल रहा था इलाज

सुब्रत रॉय के निधन पर सहारा ग्रुप की तरफ से बयान जारी किया गया है. इस बयान में कहा गया है कि सहारा इंडिया परिवार के प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा का कार्डियो रेस्पिरेटरी अरेस्ट के बाद मंगलवार रात 10.30 बजे निधन हो गया. वह हाइपरटेंशन और मधुमेह जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे. उनका स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा था, जिसकी वजह से उन्हें 12 नवंबर को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में एडमिट कराया गया था.

सुब्रत रॉय सहारा का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था. वे भारत के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक थे. उन्हें देशभर में ‘सहाराश्री’ के नाम से भी जाना जाता था.

उनके निधन पर समाजवादी पार्टी ने शोक व्यक्त किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा के आधिकारिक हैंडल पोस्ट किया गया है, “सहाराश्री सुब्रत रॉय जी का निधन, अत्यंत दुःखद. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें. शोकाकुल परिजनों को ये असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो. भावभीनी श्रद्धांजलि!”

‘सहाराश्री’ के निधन पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शोक जताया है. अखिलेश यादव ने कहा, “सहाराश्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति है क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदयवाले व्यक्ति भी थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की उनका सहारा बने.”

वहीं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “सहाराश्री सुब्रत रॉय जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है. ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. भावपूर्ण श्रद्धांजलि.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital