Bharat Express DD Free Dish

जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ी स्ट्राइक: सांबा में 33 ‘नार्को पैलेस’ जमींदोज, 60 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त

Samba Police Bulldozer Action: सांबा में ड्रग माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’! पुलिस और प्रशासन के बुलडोजर ने हेरोइन तस्करों के 33 ‘नार्को पैलेस’ को मलबे में तब्दील कर दिया है और पलक झपकते ही 60 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया है.

Jammu Kashmir Samba Police Bulldozer Action

Samba Police Bulldozer Action: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में नशा तस्करों (Drug Smugglers) के खिलाफ पुलिस और नागरिक प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक सर्जिकल स्ट्राइक की है. बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र के कुख्यात ‘ड्रग हॉटस्पॉट’ बलोले खड्ड में संयुक्त रूप से एक विशाल एंटी-ड्रग अभियान चलाया गया. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चले इस बुलडोजर एक्शन ने इलाके के ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ कर रख दी है. पलक झपकते ही नशे के सौदागरों के आलीशान अवैध ठिकाने मलबे के ढेर में बदल गए.

8 कुख्यात तस्करों के ‘नार्को पैलेस’ ध्वस्त (Samba Balole Khad Narco Palace)

इस संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन ने कुल 33 अवैध ढांचों को नेस्तनाबूद कर दिया. इन इमारतों में 8 कुख्यात ड्रग तस्करों के वो आलीशान ठिकाने भी शामिल थे, जिन्हें स्थानीय लोग ‘नार्को पैलेस’ (Narco Palace) कहते थे.

पुलिस जांच में सामने आया है कि इन अवैध रूप से बनाए गए ढांचों का इस्तेमाल मुख्य रूप से हेरोइन (Heroin) समेत अन्य घातक नशीले पदार्थों के भंडारण (Storage), उन्हें छिपाने और वहां से पूरे इलाके में सप्लाई करने के लिए ‘सेफ हाउस’ के तौर पर किया जा रहा था.

60 करोड़ रुपये जमीन कराई गई खाली (Heroin smuggling Samba)

ड्रग माफियाओं ने न सिर्फ नशे का जाल बिछाया था, बल्कि बड़े पैमाने पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा भी जमा रखा था. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के जरिए लगभग 50 कनाल बहुमूल्य सरकारी जमीन को पूरी तरह से कब्जामुक्त करा लिया गया है. खाली कराई गई इस बेशकीमती जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 60 करोड़ रुपये आंका जा रहा है.

35 से ज्यादा FIR और सख्त निगरानी (Samba police bulldozer action)

सांबा पुलिस के अनुसार, बलोले खड्ड का यह इलाका लंबे समय से राडार पर था और यहां की गतिविधियों की लगातार कड़ी निगरानी (Surveillance) की जा रही थी. यहां सक्रिय कुख्यात ड्रग तस्करों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ नार्को-टेररिज्म और ड्रग तस्करी से जुड़ी 35 से अधिक FIR पहले से ही दर्ज हैं.

ये भी पढ़ें: ‘सेवा ही साधना है’… गौतम अडानी ने बिहार में खोला खजाना, 500 करोड़ के नेत्र चिकित्सा मिशन का किया बड़ा ऐलान

पुलिस के इस महा-बुलडोजर एक्शन ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जा रही है और उनके द्वारा अवैध कमाई से खड़े किए गए किसी भी साम्राज्य को बख्शा नहीं जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read