Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

NDA का हिस्सा बनी ओपी राजभर की सुभासपा, क्या मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास भी आ गए BJP के साथ?

Abbas Ansari: सपा के साथ गठबंधन में मऊ सदर की सीट सुभासपा के खाते में आई थी. तब अब्बास अंसारी सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़े और जीते थे.

abbas ansari

ओपी राजभर व अब्बास अंसारी

Abbas Ansari: यूपी की सियासत में रविवार को उस वक्त बड़ी खबर आई जब ओम प्रकाश राजभर के नेतृत्व वाली सुभासपा एनडीए में शामिल हो गई. गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को एक ट्वीट कर ओपी राजभर का एनडीए में स्वागत किया. राजभर ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी और सुभासपा के साथ आने के बाद यूपी में कोई लड़ाई नहीं रह गई है.  वहीं सुभासपा के एनडीए का हिस्सा बनने के बाद बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे और सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी को लेकर अटकलें शुरू हो गईं. सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा होने लगी कि क्या अब्बास अंसारी भी उस गठबंधन का हिस्सा हो गए, जिसका नेतृत्व बीजेपी कर रही है.

अक्सर अपने ट्वीट्स के जरिए बीजेपी पर निशाना साधने वाले पूर्व आईएएस सूर्यप्रताप सिंह ने भी इसी का जिक्र करते हुए एक बार फिर सत्ताधारी दल एवं उसके समर्थकों पर तंज किया. उन्होंने कहा, “मुख़्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी NDA का हिस्सा हुए. राष्ट्रवादियों में हर्ष की लहर और भक्तों में उत्साह.”

सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

देखते ही देखते सोशल मीडिया पर कई विपक्षी दलों के नेताओं ने अब्बास अंसारी के बहाने बीजेपी पर निशाना साधना शुरू कर दिया. अब्बास अंसारी सुभासपा के टिकट पर मऊ सदर से विधायक चुने गए थे. अब जबकि सुभासपा एनडीए का हिस्सा बन गई है, ऐसे में अब्बास अंसारी की तरफ से अभी तक एनडीए में शामिल होने या सुभासपा छोड़ने को लेकर किसी तरह की बात नहीं कही गई है. अब्बास अंसारी फिलहाल कासगंज जेल में बंद हैं.

बता दें कि 2022 में सपा और सुभासपा ने मिलकर यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ा था. इस दौरान गठबंधन में मऊ सदर की सीट सुभासपा के खाते में आई थी. तब अब्बास अंसारी सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़े और जीते थे. लेकिन चुनाव के बाद ही यह गठबंधन टूट गया. इसके बाद भी अब्बास अंसारी ने सुभासपा में बने रहने या इस्तीफे को लेकर संकेत नहीं दिया था.

ये भी पढ़ें: BJP से हाथ मिलाते ही सपा ने राजभर पर साधा निशाना, शेयर किया सीएम योगी पर SBSP प्रमुख की विवादित बयानबाजी का VIDEO

अब्बास को राजभर ने बताया था सपा का नेता

हालांकि अब्बास अंसारी के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी पर ओपी राजभर ने कहा था, “वे सुभासपा के टिकट पर विधायक जरूर हैं लेकिन नेता सपा के हैं. सपा के साथ गठबंधन में हमें 12 सीटें दी गईं थीं. उसी में एक अब्बास अंसारी भी थे और सिंबल हमारा था.” रविवार को सुभासपा के एनडीए में शामिल होने के बाद अब अब्बास अंसारी को लेकर भी यही कहा जाने लगा है कि वह एनडीए का हिस्सा बन गए हैं और इसी बहाने विपक्षी नेता बीजेपी पर तंज भी कस रहे हैं. फिलहाल इन सब पर अब्बास अंसारी या बीजेपी की तरफ से कोई बयान नहीं आया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital