अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त उद्यमी और सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम लिमिटेड के ग्लोबल एडवाइज़र एरोल मस्क आज भारत पहुंचे हैं. उनकी यह छह दिवसीय यात्रा देश में ग्रीन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है.
इस दौरे के दौरान मस्क कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें सर्वोटेक के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा, राम मंदिर में दर्शन, एक प्रमुख उद्योग मंच में भाषण, और सरकारी अधिकारियों से मुलाकातें शामिल हैं.
देश में सर्वोटेक के प्रबंध निदेशक रमन भाटिया ने कहा, ” एरोल मस्क का भारत में स्वागत कर हमें अत्यंत हर्ष हो रहा है. उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव और दूरदर्शी सोच से हमें भारत को ग्रीन टेक्नोलॉजी और EV चार्जिंग समाधान के निर्यात केंद्र बनाने में अत्यधिक लाभ मिलेगा. यह यात्रा ‘भारत को आगे रखने’ के हमारे उद्देश्य को नई दिशा देगी.”
इस प्रकार रहेगा एरोल मस्क का कार्यक्रम
2 जून 2025: ताज पैलेस, नई दिल्ली में आयोजित “इंडिया–ग्लोबल ग्रीन टेक विज़न फोरम 2025” में मस्क मुख्य वक्ता के रूप में विचार साझा करेंगे. इसमें नीति निर्माताओं, निवेशकों, उद्योगपतियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी.
3 जून 2025: सर्वोटेक रिन्यूएबल के अत्याधुनिक निर्माण संयंत्र, सोनीपत (हरियाणा) का विशेष दौरा करेंगे, जहाँ वे EV चार्जर्स, सौर ऊर्जा समाधानों और टिकाऊ तकनीकों के निर्माण को प्रत्यक्ष देखेंगे.
4 जून 2025: मस्क, सर्वोटेक की टीम के साथ अयोध्या स्थित राम लला मंदिर में दर्शन करेंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे.
मस्क ने अपनी भारत यात्रा को लेकर कहा, “भारत में आकर यहां की ग्रीन प्रोसेस को देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात है. देश का स्वच्छ भविष्य और तेजी से बढ़ता EV क्षेत्र अपार संभावनाएं दर्शाता है. मैं सर्वोटेक के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने और भारत को वैश्विक ग्रीन लीडर बनाने में योगदान देने को लेकर उत्साहित हूं.”
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ADB के अध्यक्ष मसातो कांडा से मिले, इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 10 अरब डॉलर देने का किया वादा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
