Shashi Tharoor Family News: बुधवार का दिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर के परिवार के लिए दोहरी मुसीबत लेकर आया. एक तरफ दिल्ली में संसद भवन की सीढ़ियों पर पिता शशि थरूर का पैर फिसला और वो लड़खड़ाकर गिरते-गिरते बचे. वहीं दूसरी तरफ सात समंदर पार अमेरिका में उनके बेटे ईशान थरूर के करियर पर गाज गिर गई. अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस के स्वामित्व वाले ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ (The Washington Post) ने एक झटके में ईशान समेत सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया.
वाशिंगटन पोस्ट ने छीनी बेटे की नौकरी
शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर (Shashi Tharoor son Ishaan Tharoor) को अमेरिका में नौकरी से निकाल दिया गया है. यह खबर खुद ईशान ने एक बेहद भावुक पोस्ट के जरिए साझा की. ईशान उन पत्रकारों की लंबी सूची में शामिल हैं, जिन्हें द वाशिंगटन पोस्ट ने बाहर का रास्ता दिखाया है. ईशान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर खाली पड़े न्यूजरूम की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा-
‘एक बुरा दिन. आज मुझे वाशिंगटन पोस्ट से निकाल दिया गया है. अधिकांश इंटरनेशनल स्टाफ और कई अन्य सहयोगियों को भी नौकरी से निकाल दिया गया है. मैं अपने न्यूजरूम और विशेष रूप से उन पत्रकारों के लिए बहुत दुखी हूं, जिन्होंने पोस्ट के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम किया. ये संपादक और संवाददाता लगभग 12 सालों से मेरे दोस्त और सहयोगी रहे. उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात थी.’
300 से ज्यादा स्टाफ की छंटनी
‘द वाशिंगटन पोस्ट’ का स्वामित्व नैश होल्डिंग्स (Nash Holdings) के पास है. यह जेफ बेजोस की निजी कंपनी है. बेजोस ने 2013 में ग्राहम परिवार से यह अखबार 250 मिलियन डॉलर में खरीदा था. लेकिन अब इसी अखबार ने बड़े पैमाने पर छंटनी करते हुए लगभग 300 कर्मचारियों को बाहर कर दिया है.
ये भी पढ़ें: गैस ही नहीं, हड्डियों का दर्द भगाता है त्रिफला; जानें कैसे करना है उपयोग?
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी से संगठन का लगभग एक तिहाई हिस्सा प्रभावित हुआ है. मिडिल ईस्ट, यूरोप, एशिया और लैटिन अमेरिका सहित विभिन्न क्षेत्रों के कई वरिष्ठ संवाददाताओं और संपादकों की छुट्टी कर दी गई है. यहां तक कि कंपनी ने अपना स्पोर्ट्स सेक्शन और किताबों की कवरेज भी बंद कर दी है. अखबार के नई दिल्ली ब्यूरो चीफ और सभी मिडिल ईस्ट संवाददाता भी इसकी चपेट में आए हैं.
संसद की सीढ़ियों फिसले शशि थरूर (Shashi Tharoor Slip In Parliament)
दिल्ली में संसद के बजट सत्र के दौरान शशि थरूर के साथ एक हादसा हो गया. संसद भवन के बाहर फोन पर बात करते हुए सीढ़ियां उतरते वक्त उनका पैर फिसल गया और वे बुरी तरह लड़खड़ा गए. गनीमत रही कि वहां पास में ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव खड़े थे. जैसे ही थरूर का बैलेंस बिगड़ा, अखिलेश यादव ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें सहारा दिया और गिरने से बचा लिया. पास खड़ी एक महिला सुरक्षाकर्मी ने भी मदद की.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
