Bharat Express DD Free Dish

200 रुपये की ‘जान’! दिल्ली के शास्त्री पार्क में मामूली विवाद में शख्स को उतारा मौत के घाट

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में 200 रुपये के मामूली विवाद में 51 वर्षीय फखरुद्दीन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मछली मार्केट में हुई इस वारदात के बाद आरोपी मोहसिन फरार है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Delhi Crime 51-year-old man stabbed to death in Shastri Park over 200 rupees dispute

Delhi Shastri Park Murder: गोसिया ताज/ दिल्ली: देश की राजधानी में इंसान की जान अब कौड़ियों के दाम बिकने लगी है. दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां महज 200 रुपये के मामूली विवाद में एक 51 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जिस उम्र में लोग अपने परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहे होते हैं, उस उम्र में फखरुद्दीन को चंद रुपयों के लालच और गुस्से ने मौत की नींद सुला दिया.

मछली मार्केट में मचा हड़कंप

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके की मछली मार्केट में हर दिन की तरह हलचल थी, लेकिन अचानक वहां चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके का ही रहने वाला मोहसिन नाम का एक युवक फखरुद्दीन से 200 रुपये के लेन-देन को लेकर उलझ पड़ा. बात पहले कहासुनी से शुरू हुई, फिर गाली-गलौज और देखते ही देखते मामला खूनी खेल में बदल गया.

चंद मिनटों में खूनी खेल, आरोपी फरार

आरोप है कि गुस्से में पागल हुए मोहसिन ने अपना आपा खो दिया और जेब से चाकू निकालकर फखरुद्दीन पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. हमले इतने भीषण थे कि फखरुद्दीन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सरेआम हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया.

मातम में बदला माहौल

सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल भेज दिया है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी और भाई ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी मोहसिन की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

शुरुआती जांच में इसे सीधे तौर पर पैसों का विवाद माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है.

ये भी पढ़ें: अस्पताल है या गुंडों का मोहल्ला! इतने बीप की सुन नहीं पाएंगे अलीगढ़ JNMC के तीमारदार और डॉक्टरों की वीडियो

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read