भारतीय राजनीति के उन चुनिंदा चेहरों में से, जिन्होंने अपनी जड़ों को कभी नहीं छोड़ा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं. मध्य प्रदेश की राजनीति से लेकर दिल्ली के सत्ता गलियारों तक, ‘मामा’ के नाम से लोकप्रिय शिवराज सिंह चौहान अपनी विनम्रता और जनसेवा के लिए एक मिसाल माने जाते हैं. आज उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें न केवल बधाई दी, बल्कि उनके साथ अपने दशकों पुराने जुड़ाव और उनके ‘किसान-हितैषी’ कार्यों को भी याद किया.
कृषि क्षेत्र के विकास के लिए कर रहे अथक परिश्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं.
Best wishes to Union Minister Shri Shivraj Singh Chouhan Ji on his birthday. He is admired for his humble nature and connect with the people. He is working tirelessly for the welfare of our farmers and growth of the agriculture sector. Praying for his long and healthy life.…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 5, 2026
पीएम मोदी ने आगे कहा कि ‘वे अपने विनम्र स्वभाव और जनता से जुड़ाव के लिए प्रशंसित हैं. वे हमरे किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं. हम उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं.’
जन्मदिन पर शिवराज सिंह का संदेश
अपने जन्मदिन के मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने भी एक संदेश दिया. उन्होंने कहा कि “जन्मदिन खुशी और उल्लास के साथ मनाया जाता है. चारों ओर खुशियां होती हैं, लेकिन जब मैं अपने जन्मदिन के बारे में सोचता हूं, तो मेरे मन में एक ख्याल आता है कि जिंदगी का एक और साल बीत गया और जो बची हुई जिंदगी है उसका कैसे सार्थक उपयोग करें.” उनका यह भी मानना है कि जन्मदिन हमें अपने जीवन को बेहतर बनाने और समाज के लिए कुछ करने का संकल्प लेने का अवसर देता है.
‘सभी प्राणी अपने जैसे’
शिवराज सिंह ने आगे कहा कि हम सबमें एक ही चेतना है. मनुष्य मात्र ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी, कीट-पतंगे और पेड़-पौधे भी उसी चेतना के अंग हैं. इसलिए हमें हर जीव और प्रकृति के प्रति प्रेम और सम्मान रखना चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि हमारे धर्मग्रंथों में लिखा है ‘आत्मत सर्व भूतेषु,’ यानी सभी प्राणी अपने जैसे हैं. इसी भावना के साथ हमें सबसे प्रेम करना चाहिए और द्वेष, हिंसा या मारकाट से दूर रहना चाहिए.
उनका मानना है कि प्रेम का सबसे बड़ा रूप सेवा में है. जब हम किसी की मदद करते हैं, किसी की सेवा करते हैं, तब हमारा प्रेम वास्तविक रूप में प्रकट होता है. उन्होंने कहा कि इस जन्मदिन पर उनका संकल्प यही है कि वे हमेशा सेवा और प्रेम की भावना के साथ समाज के लिए काम करें. इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि पेड़ हमारी जिंदगी के लिए कितने जरूरी हैं, इसे आम आदमी भी समझता है. ऑक्सीजन, फल और छाया सब कुछ पेड़ों से ही मिलता है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर अग्निकांड: NH-27 पर ‘राजा लाइन होटल’ समेत कई दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


