Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

UP Politics: “भाजपा को चखाएंगे मजा…”, कहने के साथ ही श्रीकांत त्यागी ने की नई पार्टी बनाने की घोषणा, वेस्ट यूपी में BJP की बढ़ी चिंता

Lok Sabha Election-2024: श्रीकांत त्‍यागी ने नए राजनीतिक दल गठन करने की घोषणा के साथ ही दावा किया कि वे 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को पश्‍चिमी उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर हरा देंगे.

महापंचायत में अपने समाज के साथ श्रीकांत त्यागी

UP Politics: लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर उत्तर प्रदेश में रार बढ़ती ही जा रही है. जहां एक ओर भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन को मजबूत करने की जुगत भिड़ा रही है तो वहीं मुजफ्फरनगर शुकतीर्थ में हुई त्यागी भूमिहार महापंचायत के दौरान श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) ने नए राजनीतिक दल के गठन करने की घोषणा कर भाजपा की चिंता बढ़ा दी है. यही नहीं तमाम आरोप लगाते हुए श्रीकांत त्यागी ने भाजपा को लोकसभा चुनाव-2024 (Lok Sabha Election-2024) में मजा चखाने का दावा भी किया है. इसी के साथ कहा है कि भाजपा ने त्यागी समाज को हमेशा वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और सत्ता की मलाई चाटी, लेकिन अब वह अपनी पार्टी जिसका नाम राष्ट्रवादी जनसत्ता पार्टी होगा, का गठन करेंगे. इसी के साथ उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सारी मेहनत को मिट्टी में मिलाने का दावा किया है. हालांकि देखना ये होगा कि ये नई पार्टी भाजपा का कितना कुछ बिगाड़ सकती है?

बता दें कि एक कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने एक बयान दिया था, जिससे त्यागी समाज आहत है. इसी के बाद श्रीकांत त्यागी ने 13 अगस्त को रोहाना में महापंचायत की थी और कैबिनेट मंत्री को समाज की नाराजगी से अवगत कराते हुए माफी मांगने के लिए कहा था. इसी को मुद्दा बनाकर श्रीकांत त्यागी ने कहा कि आहत करने वाला बयान देने के बाद भी उन्होंने समाज की बहू बेटियों से माफी नहीं मांगी और फिर इसी मौके पर शुकतीर्थ में 21 अगस्त की पंचायत कार्यक्रम की भी घोषणा भी की थी. बता दें कि 22 जुलाई को एक कार्यक्रम के दौरान धर्म नगरी शुकतीर्थ में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा था कि 2017 से पहले कश्यप, सैनी और त्यागी समाज की बहू-बेटियों के साथ दरिंदगी कर दी जाती थी और एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी मौजूद थे. इसी बयान के बाद से ही त्यागी समाज में भाजपा को लेकर नाराजगी है.

ये भी पढ़ें- Noida Farmers Protest: बीजेपी MLA पंकज सिंह ने अधिकारियों को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम, बोले- किसानों के मुद्दे नहीं सुलझे तो…

भाजपा पर लगाए ये आरोप

पूर्व निर्धारित योजना के तहत सोमवार को पंचायत का आयोजन हुआ था जिसमें श्रीकांत त्यागी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और हुंकार भरी कि अब त्यागी समाज के पास अपना झंडा और अपना डंडा होगा. इसी के साथ ये भी कहा कि 30 साल से त्यागी समाज भाजपा को सत्ता के शिखर पर पहुंचा रहा है लेकिन इसी समाज का सरकार सबसे अधिक उत्पीड़न भी कर रही है. इसी के साथ श्रीकांत त्यागी ने राष्ट्रवादी जनसत्ता दल के गठन की घोषणा की और बोले कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को आसानी से नहीं जीतने दिया जाएगा और इस बार भाजपा को मजा चखा कर रहेंगे. बता दें कि इस दौरान महापंचायत में बड़ी संख्या में त्यागी समाज मौजूद रहा और शक्ति प्रदर्शन किया.

बिगाड़ेंगे भाजपा का खेल

श्रीकांत त्यागी ने अपने समाज के लोगों की जानकारी देते हुए बोले कि, देश के 18 राज्यों में अलग-अलग 14 उपनाम से त्यागी समाज निवास करता है. उन्होंने आगे बताया कि, विभिन्न राज्यों में समाज की 3668 शाखाएं हैं. इसी के साथ बताया कि सभी राज्यों के पदाधिकारियों से ही उन्होंने नई पार्टी गठन को लेकर चर्चा की है और सभी ने सहमति जताई है. साथ ही बोले कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश कि एक दर्जन से अधिक सीटों पर त्यागी समाज का बोल-बाला है और इन सीटों पर त्यागी समाज किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशी को हराने और जिताने का शक्ति रखता है.

इन-इन लोकसभा सीटों पर इतने गांव हैं त्यागी समाज के

इस मौके पर श्रीकांत त्यागी ने जानकारी दी कि, गाजियाबाद में त्यागी समाज के 142 गांव हैं, जिसमें त्यागी समाज की 1.30 लाख की संख्या है. इसी के साथ बागपत लोकसभा सीट को लेकर बोले कि, इस क्षेत्र में त्यागी समाज के 48 गांव हैं, जहां 1.10 लाख लोग त्यागी समाज के हैं. मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र में त्यागी समाज के 90 गांव हैं और यहां पर 1.40 लाख वोट त्यागी समाज का है. इसी के साथ मेरठ को लेकर बोले कि यहां पर त्यागी समाज के 94 गांव, जिनमें 1.60 लाख और सहारनपुर क्षेत्र में त्यागी समाज के 83 गांव हैं, जिनमें 1.30 लाख त्यागी समाज के वोट हैं तो वहीं बिजनौर लोकसभा सीट को लेकर बोले कि, यहां पर त्यागी समाज के 130 गांव है और 1.68 लाख वोटर्स समाज के यहां पर हैं. इस तरह से श्रीकांत त्यागी ने भाजपा को हर जगह पर घेरने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital