Urdu Conclave 2026

सिंगरौली का सफाईवाला ‘डॉक्टर’! ऐसे लगाया इंजेक्शन कि हिल गए CMHO; VIRAL हुआ वीडियो

सिंगरौली के निवास टाउन अस्पताल में सफाईकर्मी द्वारा मरीजों को इंजेक्शन लगाने का वीडियो वायरल हुआ है. CMHO ने प्रभारी डॉक्टर को शोकॉज नोटिस जारी किया है.

Singrauli Viral Video Sweeper Injecting Patients In Niwas Town Hospital CMHO Show Cause Notice Bharat Express

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक बेहद हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां निवास टाउन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सफाईकर्मी बेधड़क मरीजों को इंजेक्शन लगाता नजर आ रहा है.

अस्पताल में मरीजों की जान से खिलवाड़ का यह वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है.

सफाईकर्मी के भरोसे अस्पताल

वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स अस्पताल का सफाई कर्मचारी राम लखन साकेत है. वह वार्ड में भर्ती महिला और पुरुष मरीजों को बिना किसी डर के इंजेक्शन लगा रहा है.

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ अक्सर अपनी ड्यूटी से नदारद रहते हैं. इस वजह से पूरे अस्पताल की जिम्मेदारी सफाईकर्मियों और निचले कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दी जाती है. डॉक्टरों की इस गैरमौजूदगी के कारण मरीजों की जान सीधे तौर पर जोखिम में पड़ रही है.

पहले भी हुई है ऐसी लापरवाही

सिंगरौली के सरकारी अस्पतालों में इस तरह की लापरवाही कोई नई बात नहीं है. इससे पहले जिला अस्पताल में एक सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मरीज का शुगर लेवल चेक करने का वीडियो सामने आया था. वहीं, चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी गार्ड द्वारा मरीज को ड्रिप (बोटल) चढ़ाते हुए देखा गया था.

बार-बार उजागर होती ऐसी फजीहतों के बावजूद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया, जिसके चलते ऐसे मामले बार-बार सामने आ रहे हैं.

CMHO ने लिया संज्ञान

इस पूरे मामले का वीडियो सामने आने के बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पराज सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने निवास टाउन अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों की मांग है कि सिर्फ नोटिस जारी करने के बजाय जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए.

यह भी पढ़ें: नए लोग आएं…; क्या राजनीति छोड़ेंगे नितिन गडकरी? ऑफिस ने डिकोड किया बयान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read