Bharat Express DD Free Dish

खाने में कीड़े…बोलने पर मिलती है गाली, राजस्थान में हॉस्टल की 50 छात्राएं पैदल पहुंची कलेक्ट्री

Sirohi News: राजस्थान के सिरोही जिला मुख्यालय स्थित आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा. हॉस्टल में रहने वाली करीब 50 छात्राएं अपनी शिकायत लेकर पैदल ही जिला कलेक्ट्री पहुंच गईं. छात्राओं का कहना है कि उन्हें दिए जाने वाले खाने में कई बार कीड़े मिल चुके हैं.

Sirohi News

Sirohi News

Sirohi News: राजस्थान के सिरोही जिला मुख्यालय स्थित आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा. हॉस्टल में रहने वाली करीब 50 छात्राएं अपनी शिकायत लेकर पैदल ही जिला कलेक्ट्री पहुंच गईं. उन्होंने जिला प्रशासन के सामने भोजन की गुणवत्ता और हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए.

छात्राओं का कहना है कि उन्हें दिए जाने वाले खाने में कई बार कीड़े मिल चुके हैं. उनका आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता काफी खराब है और बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा. छात्राओं ने यह भी कहा कि जब वे अपनी समस्या उठाती हैं तो उन्हें उचित जवाब नहीं मिलता.

कुछ छात्राओं ने हॉस्टल वार्डन के व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि शिकायत करने पर उनसे ठीक तरह से बात नहीं की जाती और कई बार अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है. इससे छात्राओं में नाराजगी बढ़ती गई.

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को किया तलब

मामले की जानकारी मिलने पर जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने छात्राओं से मुलाकात की. उन्होंने करीब एक घंटे तक छात्राओं की बातें सुनीं और उनकी शिकायतों को विस्तार से समझा. छात्राओं ने भोजन के अलावा हॉस्टल की अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं भी प्रशासन के सामने रखीं.

मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने तत्काल अधिकारियों को बुलाया. एसडीएम, तहसीलदार और शिक्षा विभाग के एडीपीसी को मौके पर तलब कर आवश्यक निर्देश दिए गए. साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करने के आदेश भी दिए गए हैं.

आरोपों की होगी जांच

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सरकारी वाहनों से वापस हॉस्टल पहुंचाया गया.

ये भी पढ़ें- 16 अगस्त, 16 मिनट और 16 रुपए: कानपुर में इस ऑफर ने मचा दी भगदड़, पुलिस को करनी पड़ी कार्रवाई

अब सभी की नजर जांच पर टिकी है. जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि भोजन की गुणवत्ता और वार्डन के व्यवहार को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read