Kanwar Yatra 2025 की शुरुआत 11 जुलाई से हो चुकी है और इसे लेकर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है. इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने कई बड़े ट्रैफिक बदलाव किए हैं.
खासकर भारी, मध्यम और हल्के व्यावसायिक मालवाहक वाहनों के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं. ये ट्रैफिक व्यवस्था 25 जुलाई तक लागू रहेगी.
कांवड़ियों के लिए अलग लेन, भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
इस बार पुलिस ने तय किया है कि सड़क की एक पूरी लेन सिर्फ कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी, जबकि दूसरी लेन में केवल हल्के वाहनों को चलने की इजाजत होगी.
वहीं, दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद और पश्चिमी यूपी की ओर जाने वाले सभी व्यावसायिक वाहनों को अब ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए ही भेजा जाएगा.
दिल्ली से DND, आनंद विहार बॉर्डर या कालिंदी कुंज के रास्ते नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर या हापुड़ की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर जाना होगा.
इसी तरह, NH-24 के रास्ते चलने वाले ट्रकों को भी अब डायवर्ट किया गया है ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की भीड़ या हादसे की स्थिति न बने.
यमुना एक्सप्रेसवे और NH-91 पर भी ट्रैफिक बदलाव
बुलंदशहर, सिकंदराबाद, अलीगढ़ और हापुड़ से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आने-जाने वाले वाहनों को अब सीधे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा.
साथ ही, दादरी, खुर्जा या सिकंदराबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले मालवाहक वाहन अब NH-91 के बजाय सिरसा गोल चक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़े जाएंगे.
कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ क्षेत्रों में तो पूरी तरह से आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. खासतौर पर दिल्ली की रेड लाइट से पहाड़ी विहार गेट तक कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा. यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
हेल्पलाइन और जरूरी सेवाओं को राहत
पुलिस की तरफ से बताया गया है कि जरूरी सेवाओं जैसे दवाइयों, दूध, सब्जियों और खराब होने वाले सामानों को ले जाने वाले वाहन इस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे. इसके अलावा सरकारी वाहन भी छूट के दायरे में रहेंगे.
यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे पहले से ही अपनी यात्रा की योजना बना लें और ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए पुलिस की हेल्पलाइन 9971009001 या व्हाट्सएप नंबर 7065100100 पर संपर्क करें. साथ ही ट्विटर पर @noidatraffic हैंडल से भी अपडेट मिलते रहेंगे.
ये भी पढ़ें- सावन के महीने में क्यों घरों में लगाए जाते है झूले? कब और कैसे शुरू हुई ये परंपरा? जानें इसके पीछे की मान्यता
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
